सम्भल में राजेश सिंघल के बयान पर साजिद अली खां का पलटवार, बोले- मुसलमानों के मुद्दे उठाकर हाईलाइट होना चाहते हैं, 2027 चुनाव पर भी दिया बड़ा बयान
सम्भल में भाजपा नेता राजेश सिंघल के बयान पर सपा नेता साजिद अली खां ने पलटवार किया। 2027 के चुनाव और धार्मिक राजनीति पर उठाए सवाल, शांति की अपील की।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
भाजपा नेता राजेश सिंघल के विवादित बयान को लेकर सम्भल की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। अब समाजवादी पार्टी से जुड़े साजिद अली खां ने राजेश सिंघल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ नेता मुसलमानों, मस्जिदों और मदरसों को लेकर टिप्पणी करके राजनीतिक सुर्खियों में आना चाहते हैं। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी।
साजिद सैफी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों का मुसलमानों के मुद्दों को उठाने का एक अलग तरीका है। मस्जिद, मदरसे और मुसलमानों को लेकर बयान देने से ऐसे लोग जल्दी चर्चा में आ जाते हैं, जिन्हें पहले गली-मोहल्ले के लोग भी नहीं जानते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्भल में राजनीतिक पकड़ कमजोर होने के बाद दोबारा सुर्खियों में आने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। साजिद ने अपने समर्थकों और लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी बात का जवाब संविधान के दायरे में रहकर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपना काम करेगा और किसी भी मामले में अधिकारियों से मिलकर बात करनी चाहिए। 2027 के चुनाव को लेकर साजिद अली खां ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने पर मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुसलमान और पाकिस्तान जैसे मुद्दे उठाए जाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के मुद्दों के बजाय धार्मिक मुद्दों के जरिए वोट हासिल करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के प्रति समाज के विभिन्न वर्गों में नाराजगी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार हट सकती है। सम्भल विधानसभा सीट पर 2027 में जनता का रुख किस तरफ रहेगा, इस सवाल पर साजिद अली खां ने कहा कि अभी विभिन्न पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। ऐसे में चुनावी नतीजों या जनता के रुख को लेकर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। वहीं, समाजवादी पार्टी से टिकट मांगने और खुद चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा, इंशाल्लाह, टाइम आएगा तो देखा जाएगा। आपकी बात का ध्यान रखा जाएगा। साजिद सैफी के इस बयान के बाद सम्भल विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
What's Your Reaction?