उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के समर्थन में उतरीं साहित्यकार भावना वरदान शर्मा, सपा प्रत्याशी पर साधा निशाना
आगरा में साहित्यकार भावना वरदान शर्मा ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का समर्थन किया। उन्होंने सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के समर्थन में प्रसिद्ध साहित्यकार एवं लेखिका भावना वरदान शर्मा खुलकर सामने आ गई हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल पर चुनावी लाभ के लिए असत्य बातें फैलाने और एक वर्ग विशेष को भ्रमित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योगेंद्र उपाध्याय केवल वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों के बीच समान रूप से लोकप्रिय नेता हैं।
जारी वीडियो में साहित्यकार भावना वरदान शर्मा ने कहा कि प्राचीन काल से ही वैश्य समाज का आगरा के सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में अमूल्य और ऐतिहासिक योगदान रहा है। वर्तमान दौर में भी वैश्य समाज उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के साथ कंधे से कंधा मिलाकर ताजनगरी के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अपने विकास कार्यों, निष्ठा और जनसरोकारों के माध्यम से आगरा की जनता के दिलों में विशेष सम्मान अर्जित किया है। वैश्य समाज सदैव से विवेकशील और विचारशील रहा है, जो सही और गलत का अंतर भली-भांति समझने में सक्षम है।
विपक्षी प्रत्याशी पर तीखा प्रहार करते हुए लेखिका ने सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के दावों को पूरी तरह निराधार करार दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चुनाव आते ही राजनीतिक रोटियां सेंकने के उद्देश्य से असत्य और तथ्यहीन बातें फैलाने लगते हैं, ताकि किसी वर्ग विशेष की भावनाओं को भड़काकर लाभ उठाया जा सके। उन्होंने आगरा के वैश्य समाज सहित सभी नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहें। चुनाव के समय अवांछित विवाद खड़ा कर समाज में भ्रम पैदा करने वालों की मंशा को पहचानें और उन्हें कतई समर्थन न दें, बल्कि विकास और सकारात्मक राजनीति का साथ दें।
What's Your Reaction?

