बलिया: सपा के नए जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम
बलिया में समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य के पहले आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। पार्टी कार्यालय पर संभाला पदभार।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुनील कुमार मौर्य के पहली बार जनपद आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। तेज बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा और पूरे रास्ते ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।

राजधानी से जनपद की सीमा नदौली पहुंचते ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। सीमा में प्रवेश के बाद नवनियुक्त जिलाध्यक्ष खुली गाड़ी में सवार हुए, जहां उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सैकड़ों गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ वे जिला मुख्यालय की ओर बढ़े, जहां रास्ते में विभिन्न चौराहों पर कार्यकर्ताओं ने उन पर पुष्पवर्षा की।
मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में निवर्तमान जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने सुनील कुमार मौर्य को विधिवत अध्यक्ष की कुर्सी पर आसीन कराकर पदभार सौंपा। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और उनके मान-सम्मान की रक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा एक सामान्य कार्यकर्ता पर जताए गए विश्वास के लिए आभार जताया और आगामी विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कराकर पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।
इस बड़े राजनीतिक आयोजन में अम्बिका चौधरी, मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, जयप्रकाश अंचल, मंजू सिंह, नीरज सिंह गुड्डू, रंजीत अरविंद गिरी, यशपाल सिंह और डॉ. सुशील पांडेय कान्हजी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बीरबल राम ने किया।
What's Your Reaction?