दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर उतरे सीएम योगी, राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपोत्सव की तैयारियां परखने अयोध्या पहुंचे। रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू घाट का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।

By INA News Desk
Nov 2, 2026 - 23:24
7 Views
दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर उतरे सीएम योगी, राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट का किया निरीक्षण
Advertisement
Advertisement

दीपोत्सव के भव्य आयोजन की तैयारियों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर धरातलीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रामकथा पार्क के समीप बने हेलीपैड पर आगमन के पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री सीधे आयोजन स्थलों के स्थलीय निरीक्षण के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने निर्माण कार्यों, सुरक्षा प्रबंधों और जनसुविधाओं की बारीकियों को परखा।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रामकथा पार्क परिसर में गतिमान विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, वीआईपी दीर्घा और आवागमन मार्गों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से अब तक की प्रगति का ब्योरा लिया। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि सभी शेष कार्य तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे मुख्य आयोजन के दिन किसी भी प्रकार के गतिरोध या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने सरयू आरती घाट का सघन मुआयना किया। उन्होंने दीपोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक मंच के निर्माण कार्य को देखा और तकनीकी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, निर्बाध आवागमन और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और जल सुरक्षा के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। स्थलीय मुआयना पूर्ण करने के उपरांत मुख्यमंत्री मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए प्रस्थान कर गए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement