Sambhal News: सम्भल में बयानबाजी पर सपा का हल्लाबोल, CO से मिले असगर अली और सुहैल इकबाल; नंदकिशोर गुर्जर पर कार्रवाई की मांग
रामलीला मंच से दिए गए बयानों को लेकर सपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, सुहैल इकबाल बोले- धार्मिक मंच को राजनीतिक अखाड़ा बनाने वालों पर हो कार्रवाई
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में रामलीला मंच से दिए गए बयानों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी और सपा नेता सुहैल इकबाल ने पार्टी प्रतिनिधिमंडल के साथ सीओ से मुलाकात कर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर और भाजपा नेता राजेश सिंघल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि धार्मिक मंच का इस्तेमाल राजनीतिक बयानबाजी और शहर का माहौल खराब करने के लिए किया जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि सम्भल गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है, जहां हिंदू-मुस्लिम हमेशा मिल-जुलकर रहते आए हैं। कुछ नेता अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं, जिन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सीओ को ज्ञापन देकर दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। असगर अली ने रैटौल की जनता को डराने के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि रामलीला कार्यक्रम उनके जिला पंचायत क्षेत्र में आता है और उनके गांव से महज डेढ़ किलोमीटर दूर है। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार का उस गांव से पुराना संबंध है और वहां हिंदू आबादी अधिक होने के बावजूद उन्हें बड़ी तादाद में वोट मिलते हैं। उन्होंने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में कभी हिंदू-मुस्लिम विवाद नहीं हुआ। सपा नेता सुहैल इकबाल ने कहा कि वायरल वीडियो में पवित्र रामलीला मंच से ऐसी बातें कही गईं, जो समाज को बांटने का काम करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के साथ कुछ नेता राजनीतिक लोकप्रियता हासिल करने के लिए धार्मिक मंचों का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुहैल इकबाल ने दावा किया कि रामलीला आयोजन से जुड़े लोगों ने भी उनसे मुलाकात कर मंच के कथित राजनीतिक इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर किसी को राजनीतिक जवाब देना है तो वह अपने पार्टी मंच से दे, धार्मिक मंच से नहीं। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के उस कथित बयान पर कि राजेश सिंघल के खिलाफ कार्रवाई हुई तो सम्भल का नक्शा बदल देंगे, सुहैल इकबाल ने कहा कि इस मामले में सीओ और एसपी कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने हिंदुस्तान को हिंदुओं का देश बताने वाले बयान पर भी आपत्ति जताई और लोगों से अमन-शांति बनाए रखने की अपील की। सपा नेताओं ने कहा कि प्रशासन ने शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सुहैल इकबाल ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जमानत निरस्त कराने की मांग भी उठाई। फिलहाल, धार्मिक मंच से शुरू हुई बयानबाजी ने सम्भल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। सपा ने जहां कार्रवाई की मांग की है, वहीं मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
What's Your Reaction?