यूपी में पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत आगाज- 9 चीनी मिलों में पेराई शुरू, 33 मिलों ने जारी किया गन्ना इंडेंट
उत्तर प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 की शुरुआत हो चुकी है। प्रदेश की 9 चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू हुआ तथा 33 मिलों ने गन्ना खरीद के लिए इंडेंट जारी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की सुविधाओं और समयबद्ध पेराई व्यवस्था को सुनिश्चित करते हुए नए पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। प्रदेश में गन्ना खरीद एवं आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अब तक 33 चीनी मिलों द्वारा गन्ना खरीद का इंडेंट जारी किया जा चुका है। मिलों के समय से संचालन से किसानों को अपनी फसल बेचने में सहूलियत मिलेगी और आगामी रबी सीजन में गेहूं की समय से बोआई के लिए खेत भी समय पर खाली हो सकेंगे।
गन्ना विकास विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रदेश भर की 9 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई का कार्य पूरी तरह शुरू हो चुका है। इनमें सहकारी क्षेत्र की 1 तथा निजी क्षेत्र की 8 चीनी मिलें शामिल हैं। क्षेत्रीय स्तर पर संचालन की स्थिति देखें तो सहारनपुर परिक्षेत्र की 3, मेरठ परिक्षेत्र की 1, मुरादाबाद परिक्षेत्र की 2 तथा लखनऊ परिक्षेत्र की 3 चीनी मिलों ने पहिया घुमाते हुए पेराई कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ कर दिया है।
इसके अतिरिक्त प्रदेश की अन्य चीनी मिलों द्वारा भी पेराई सत्र प्रारंभ करने से संबंधित सभी आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इनमें से 24 अन्य चीनी मिलों ने गन्ना खरीद के लिए इंडेंट जारी कर दिया है, जिनका संचालन दीपावली से पूर्व शुरू होना प्रस्तावित है। शेष चीनी मिलें दीपावली पर्व के तत्काल पश्चात अपना पेराई सत्र प्रारंभ करेंगी।
गन्ना विकास विभाग ने सभी चीनी मिल प्रबंधनों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने आवंटित गन्ना क्रय केंद्रों पर वजन, तौल, शेड, पेयजल और सुरक्षा से जुड़ी समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण कराएं। विभाग ने क्रय केंद्रों का समय से संचालन सुनिश्चित कराने को कहा है, ताकि किसानों को अपनी उपज लेकर आने और तौल कराने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?

