सहारनपुर में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन- चिलकाना पुलिस और राजस्व टीम ने 5 ओवरलोड डंपर किए सीज
सहारनपुर के चिलकाना में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 ओवरलोड डंपर सीज किए। बिना रॉयल्टी के हो रहा था परिवहन।
सहारनपुर जनपद में अवैध खनन और उपखनिजों के अनाधिकृत परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन के कुशल निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक (नगर) व क्षेत्राधिकारी (सदर) के पर्यवेक्षण में चिलकाना थाना पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध खनन सामग्री से लदे पांच बड़े डंपरों को मौके से पकड़कर सीज कर दिया।
अभियान के क्रम में चिलकाना थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पंचकुआ-पठेड़ मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान संचालित किया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे भारी वाहनों को रोककर उनके प्रपत्रों, रॉयल्टी पर्चियों और भार क्षमता की गहनता से जांच की गई। परीक्षण के दौरान पांच डंपर बिना किसी वैध ई-एमएम-11 (रॉयल्टी प्रपत्र) और निर्धारित मानक से अत्यधिक मात्रा में उपखनिज (ओवरलोड) लादकर परिवहन करते हुए पाए गए।
संयुक्त प्रवर्तन दल ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांचों डंपरों को खनन सामग्री सहित अपने कब्जे में ले लिया। वाहनों को मौके से लाकर चिलकाना थाने में खड़ा कराया गया और मोटर व्हीकल एक्ट तथा उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली के सुसंगत विधिक प्रावधानों के अंतर्गत सीज करने की विधिक प्रक्रिया पूर्ण की गई। पुलिस एवं खनन विभाग द्वारा वाहन स्वामियों और चालकों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। जनपद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्राकृतिक संपदा के अवैध दोहन, राजस्व की चोरी और ओवरलोडिंग के माध्यम से सड़कों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध यह जीरो टॉलरेंस अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
What's Your Reaction?

