चालान भी होगा और समझाया भी जाएगा! सम्भल में एक महीने तक चलेगा ट्रैफिक पुलिस का अभियान
सम्भल में यातायात माह शुरू हो गया है। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाई गई।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सड़क पर फर्राटा भरने वालों से लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट को नजरअंदाज करने वाले वाहन चालकों तक… अब सम्भल में यातायात पुलिस की विशेष नजर रहने वाली है। नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही सम्भल पुलिस ने यातायात नियमों का पालन कराने के लिए एक महीने के विशेष अभियान का आगाज कर दिया है।
रविवार को पुलिस लाइन बहजोई में पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने यातायात माह-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान एसपी ने हरी झंडी दिखाकर यातायात जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से इस्लामनगर चौराहे तक निकाली गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

इस मौके पर एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने साफ संदेश दिया कि यातायात माह का मकसद केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाना है। उन्होंने कहा कि जो लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करेंगे, उन्हें चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूरे महीने स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। हेलमेट को महज चालान से बचने का जरिया समझने वालों को भी एसपी ने नसीहत दी।

उन्होंने कहा कि हेलमेट अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पहनें, न कि सिर्फ पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए। एसपी ने यह भी कहा कि यातायात पुलिस जब नियमों का पालन कराती है तो उसका उद्देश्य वाहन चालकों की सुरक्षा होता है। इसलिए पुलिसकर्मियों से उलझने के बजाय उनका सहयोग करें। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत, यातायात प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि एक महीने तक चलने वाला यह अभियान सम्भल की सड़कों पर कितनी जागरूकता लाता है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कितना कसता है।
What's Your Reaction?

