सिकंदराराऊ में अंबेडकर पार्क की उपेक्षा पर भड़के सभासद, पालिका अध्यक्ष और ईओ को सौंपा ज्ञापन
हाथरस के सिकंदराराऊ में अंबेडकर पार्क की बदहाली को लेकर सभासदों ने रोष जताया। पालिका अध्यक्ष और ईओ को ज्ञापन देकर जल्द जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराने की मांग की।
हाथरस। जनपद के सिकंदराराऊ नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित अंबेडकर पार्क की बदहाली और लंबे समय से लंबित सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर नगर पालिका के सभासदों तथा स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सामने आया है। पालिका बोर्ड की बैठकों में चार से पांच बार विधिवत प्रस्ताव स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य धरातल पर न उतरने से क्षुब्ध सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने पालिका अध्यक्ष मोहम्मद मुशीर कुरैशी और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जनप्रतिनिधियों ने पार्क की जीर्ण-शीर्ण स्थिति पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ कराने की पुरजोर मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि महापुरुष के नाम पर स्थापित यह पार्क प्रशासनिक उपेक्षा के चलते अत्यंत दयनीय दशा में पहुंच चुका है, जिससे आम जनता और समाज के लोगों में भारी निराशा है। सभासदों ने मांग की कि यदि किसी अन्य मद से बजट मिलने में व्यवधान है, तो राज्य वित्त आयोग अथवा 15वें वित्त आयोग से प्राप्त होने वाली विकास निधि का उपयोग कर पार्क के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य प्राथमिकता पर कराया जाए।
मामले पर अधिशासी अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पार्क के समग्र कायाकल्प के लिए शासन की विशेष योजना के अंतर्गत विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर भेजी गई थी, किंतु कुछ तकनीकी अड़चनों के कारण अभी तक वहां से वित्तीय स्वीकृति अप्राप्त है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि यदि शासन स्तर से अनुमति मिलने में और विलंब होता है, तो नगर पालिका अपने स्वयं के आंतरिक वित्तीय स्रोतों से बजट का प्रबंध कर पार्क के नवीनीकरण और सुंदरीकरण का कार्य शीघ्रता से पूरा कराएगी। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद एवरन सिंह, अमर बाबू, रवि कुमार, आशा देवी, दीक्षा भारती, अजय कुमारी, हाजी नईम, ललित कुमार, कांति देवी, चंद्रावती, मुन्नी देवी और अकबर नवाब सहित कई अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







