हाथरस: मारपीट के बाद पूर्व सभासद के परिवार ने लगाए मकान पर पलायन के पोस्टर, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
हाथरस के पुरदिलनगर में मारपीट के बाद पूर्व सभासद परिवार ने घर पर पलायन के पोस्टर चिपकाए। पांच आरोपियों पर एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी न होने से परिवार खौफ में।
हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरदिलनगर में मारपीट और धमकी की घटना के बाद एक पीड़ित परिवार द्वारा मकान पर पलायन के पोस्टर लगाने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के चार बार सभासद रह चुके हाजी मुनीर अहमद के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज होकर अपने आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर पलायन संबंधी पोस्टर चिपका दिए हैं। इस कदम के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि बीते दिनों कुछ दबंग किस्म के लोग उनके मकान में जबरन घुस आए थे। घर में घुसकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट और तोड़फोड़ की। आरोप है कि घर में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।
परिवार का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिसके चलते आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। आरोप है कि वे लगातार मुकदमा वापस लेने और फैसला करने का दबाव बना रहे हैं। इससे परिवार के बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे लगातार भय के साए में जीने को मजबूर हैं। सुरक्षा की गुहार लगाते हुए परिवार ने अपने मकान और दुकान पर संपत्ति बेचने और इलाका छोड़ने के पोस्टर लगाए थे।
पीड़ितों का यह भी कहना है कि देर रात अज्ञात तत्वों ने उनके मकान पर लगे पोस्टरों को फाड़ दिया और फिर से धमकी दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। वहीं, मामले पर पुलिस प्रशासन का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Click : Sambhal: सम्भल हातिम सराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की उठी मांग, विहिप बोला- 'हरिहर नगर' रखा जाए नाम
What's Your Reaction?



