Sambhal Padyatra Controversy MP Barq: सम्भल में पदयात्रा के ऐलान पर सांसद जियाउर्रहमान बर्क का तीखा हमला, बोले- धार्मिक भावनाएं भड़काने वालों को जेल भेजे सरकार
सम्भल में विवादित स्थल तक प्रस्तावित पदयात्रा के ऐलान पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रशासन से माहौल बिगाड़ने वालों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
- 19 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा पर भड़के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क, महंत ऋषिराजगिरी के ऐलान पर कार्रवाई की मांग; बोले- धार्मिक भावनाएं भड़काने वालों पर दर्ज हो मुकदमा
जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर को लेकर एक बार फिर सम्भल में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। 19 नवंबर को कैला देवी धाम के महंत ऋषिराजगिरी की ओर से विवादित स्थल तक पैदल पदयात्रा निकालने के ऐलान पर सम्भल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस तरह की पदयात्रा के ऐलान को माहौल खराब करने वाला बताते हुए पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सांसद बर्क ने कहा कि धार्मिक स्थलों को लेकर इस तरह की बातें करना गलत है। किसी को भी दूसरे धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या कानून को चुनौती देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि प्रदेश और देश का माहौल खराब न हो। सोशल मीडिया पर पदयात्रा को लेकर किए जा रहे आह्वान और पोस्टों पर भी सांसद ने नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करना अलग बात है, लेकिन संवेदनशील धार्मिक मुद्दों को लेकर इस तरह की गतिविधियां करना कानून को चुनौती देने जैसा है। बर्क ने साफ कहा कि कोई भी व्यक्ति संविधान और कानून से बड़ा नहीं है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से बिना देरी कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी धर्म या वर्ग की भावनाओं को आहत करने का अधिकार किसी को नहीं है।
What's Your Reaction?

