UP Politics News: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से सपा को नहीं होगा नुकसान, मौलाना इकबाल कादरी का दावा, बोले- 'अब्दुल' के नाम पर न हो राजनीति
सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी ने सम्भल में कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से सपा को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने 'अब्दुल' के नाम पर राजनीति न करने की नसीहत दी।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी को 50 से 100 सीटों पर नुकसान होने के दावों के बीच सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन से समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होने वाला है।
एक विशेष बातचीत में मौलाना इकबाल कादरी ने कहा कि ओवैसी ने खुद अपने बयानों से 'अब्दुल' को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाने की बात सामने आने से यह साबित होता है कि मुस्लिम समाज को मुख्यमंत्री बनाने की बात सिर्फ राजनीतिक चर्चा तक सीमित है। 'अब्दुल' और 'अब्दुल्ला' नामों को लेकर हो रही राजनीति पर कादरी ने ओवैसी को नसीहत देते हुए कहा कि ये मुकद्दस नाम हैं और इन पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी में मुसलमानों और उलेमाओं का बड़ा योगदान रहा है। देश पर मुसलमानों का उतना ही अधिकार है जितना अन्य समुदायों का। अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने की तैयारी पर उन्होंने इसका स्वागत किया और कहा कि धार्मिक स्थलों पर जाने का अधिकार सभी को है। वहीं जामिया मिल्लिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पर आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े आरोपों को उन्होंने फिरकापरस्त ताकतों की साजिश करार दिया। 2027 चुनाव में मुस्लिम टिकटों की हिस्सेदारी पर उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी हाईकमान करेंगे। पीडीए के तहत दलित, मुस्लिम और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का ध्यान रखना होगा।
मुस्लिम समाज की मौजूदा स्थिति पर उन्होंने कहा कि मुसलमान अब शिक्षा के प्रति जागरूक हो रहा है और अपने बच्चों को पढ़ा-लिखाकर तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है। हालांकि उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। अमेरिका और इजरायल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कादरी ने कहा कि हर कमाल के बाद जवाल आता है और हर जवाल के बाद कमाल। उन्होंने ईरान का उदाहरण देते हुए कहा कि पूरी ताकत लगाने के बावजूद उसे झुकाया नहीं जा सका।
What's Your Reaction?

