Deoband Land Dispute News: विवादित भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण का आरोप, कोर्ट के स्टे के बावजूद चल रहा काम, मुख्यमंत्री से शिकायत
देवबंद के भायला रोड स्थित विवादित भूमि पर न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद अवैध कब्जा व प्लॉटिंग करने का आरोप लगाते हुए मोहल्ला पठानपुरा निवासी महिला नसरीन ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है।
देवबंद: भायला रोड स्थित एक विवादित भूमि पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में एक स्थानीय महिला ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि माननीय न्यायालय द्वारा स्थगन (स्टे) और यथास्थिति बनाए रखने के आदेश जारी होने के बावजूद दबंगों द्वारा मौके पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी नसरीन ने मुख्यमंत्री को प्रेषित प्रार्थना पत्र में बताया कि भायला रोड स्थित उसकी निजी भूमि पर कुछ लोग गलत तरीके से अवैध कब्जा कर वहां प्लॉटिंग और जमीन की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, इस विवादित भूमि को लेकर देवबंद न्यायालय में कई वाद विचाराधीन हैं, जिनमें से कुछ मामलों में अदालत की ओर से स्पष्ट रूप से यथास्थिति बनाए रखने और स्थगन आदेश भी पारित किए गए हैं।
नसरीन का आरोप है कि आरोपी पक्ष न्यायालय के आदेशों की खुलेआम अवहेलना करते हुए विवादित भूमि पर लगातार अवैध निर्माण करा रहा है। इस भूमि विवाद को लेकर पूर्व में स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी (एफआईआर) भी दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अवैध गतिविधियां नहीं रुक रही हैं। महिला ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विवादित भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त और निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए तथा न्यायालय की अवमानना करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
वहीं, इस प्रकरण में देवबंद के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विजय प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी कराकर पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
What's Your Reaction?

