UP Sugarcane Price News: गन्ना मूल्य घोषित न होने से भड़के किसान, भगत सिंह वर्मा ने दी 17 नवंबर को बड़ौत से बड़े आंदोलन की चेतावनी
गन्ना पेराई सत्र शुरू होने के बावजूद मूल्य घोषित न होने से किसानों में नाराजगी है। देवबंद के गंगदासपुर जट में भाकियू वर्मा के अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने लाभकारी मूल्य व 17 नवंबर को बड़ौत से आंदोलन की घोषणा की।
देवबंद / तल्हेड़ी बुजुर्ग: प्रदेश में नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने और अधिकांश चीनी मिलों के चालू हो जाने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा अभी तक गन्ने का राज्य परामर्श मूल्य (SAP) घोषित न किए जाने से किसान संगठनों में गहरा रोष व्याप्त है। रविवार को क्षेत्र के ग्राम गंगदासपुर जट में आयोजित किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (वर्मा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित करने की मांग की।
बैठक में किसानों को संबोधित करते हुए भगत सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश की लगभग सभी चीनी मिलें पेराई शुरू कर चुकी हैं, लेकिन सरकार ने अब तक गन्ने का भाव तय नहीं किया है। उन्होंने तर्क दिया कि वर्तमान में स्थानीय कोल्हुओं और चर्खियों पर ही गन्ने का भाव 400 से 500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है, ऐसे में मिलों को कम दाम पर गन्ना देना किसानों के साथ सीधा अन्याय है।
उन्होंने कहा कि चीनी मिलों को चीनी के साथ-साथ शीरा, बगास (खोई) और बिजली उत्पादन से भारी मुनाफा होता है, लेकिन इसके बावजूद अन्नदाता किसानों को उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने पिछले पेराई सत्रों में गन्ना मूल्य भुगतान में हुई देरी पर किसानों को नियमानुसार ब्याज दिलाने की भी जोरदार मांग उठाई।
भगत सिंह वर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए ऐलान किया कि आगामी 17 नवंबर को बागपत के बड़ौत में देशभर के करीब दो दर्जन किसान संगठनों के हजारों किसान एकत्र होंगे और वहीं से गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित कराने व बढ़वाने के लिए एक बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आगाज किया जाएगा।
गंगदासपुर जट में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी ने की। इस अवसर पर पदम सिंह, रविंद्र कुमार, भूपेंद्र सिंह गिल, प्रदीप बराड़, मोहित शर्मा, सुभाष शर्मा, सुरेश कुमार, दीपक पूनिया, आजाद सिंह, जोगिंदर सिंह और अमरदीप मान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

