यूपी की 8 सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार, नई दिल्ली में हुआ सम्मान

राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ द्वारा आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश की आठ सहकारी चीनी मिलों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिले।

By INA News Desk
Sep 25, 2026 - 22:14
4 Views
यूपी की 8 सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार, नई दिल्ली में हुआ सम्मान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चीनी और गन्ना उद्योग ने देश के पटल पर एक बार फिर बड़ी उपलब्धि दर्ज कराई है। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड की ओर से आयोजित राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार समारोह में प्रदेश की आठ सहकारी चीनी मिलों को विभिन्न श्रेणियों में उनके श्रेष्ठ कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा प्रदान किए गए।

सहकारी क्षेत्र की इकाइयों में बेहतर वित्तीय अनुशासन, तकनीकी आधुनिकीकरण और उत्पादन क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर हर वर्ष यह सम्मान दिया जाता है। वर्ष 2024-25 की श्रेणी में बिजनौर की दि किसान सहकारी चीनी मिल स्नेह रोड (नजीबाबाद) ने सभी निर्धारित मानकों पर खरा उतरते हुए पूरे देश में समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ सहकारी चीनी मिल का सर्वोच्च पुरस्कार हासिल किया।

इसके साथ ही लखीमपुर खीरी की सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां को गन्ना विकास, अमरोहा की दि किसान सहकारी चीनी मिल गजरौला को चीनी परता (रिकवरी) में उल्लेखनीय सुधार और बागपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड को अनुशासित वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया।

समारोह में वर्ष 2025-26 के लिए घोषित पुरस्कारों में भी राज्य की मिलों का दबदबा कायम रहा। मुजफ्फरनगर की दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना को गन्ना विकास श्रेणी में सम्मानित किया गया। इसके अलावा बागपत की रमाला सहकारी चीनी मिल और आजमगढ़ की दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव को उच्च तकनीकी दक्षता के लिए पुरस्कार मिला। शाहजहांपुर की दि किसान सहकारी चीनी मिल पुवायां को कुशल वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना, गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस., सहकारी चीनी मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक मंगला प्रसाद सिंह तथा संयुक्त प्रबंध निदेशक अमृत पाल कौर ने सभी विजेता मिलों के प्रबंध तंत्र, तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों को बधाई दी। विभागीय नेतृत्व ने विश्वास जताया कि इन मिलों की कार्यकुशलता से राज्य के गन्ना किसानों को समय पर बेहतर सेवाएं और लाभ मिलते रहेंगे।

Also Click : Sambhal News: सम्भल में बयानबाजी पर सपा का हल्लाबोल, CO से मिले असगर अली और सुहैल इकबाल; नंदकिशोर गुर्जर पर कार्रवाई की मांग

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow