Ballia Police Suicide News: चितबड़ागांव थाने में तैनात 28 वर्षीय दरोगा संदीप कुमार ने रेलवे ट्रैक पर की आत्महत्या, पुलिस महकमे में शोक
बलिया के चितबड़ागांव थाने में तैनात 28 वर्षीय सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने शनिवार शाम रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली। वे संत कबीर नगर के निवासी थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Report - Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया: जनपद के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां थाने में तैनात एक युवा सब इंस्पेक्टर (दरोगा) ने रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली। इस अप्रत्याशित घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच चितबड़ागांव पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली है। रेलवे के लोको पायलट द्वारा अगले स्टेशन पर दिए गए मेमो में भी इस घटना का उल्लेख किया गया था।

सूचना मिलने पर जब चितबड़ागांव थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, तो ट्रैक के समीप एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पुलिस ने जब घटनास्थल और शव की गहनता से जांच की, तो मृतक की पहचान चितबड़ागांव थाने में ही तैनात 28 वर्षीय सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार के रूप में हुई। वह मूल रूप से जनपद संत कबीर नगर के निवासी थे और पिछले 11 महीनों से चितबड़ागांव थाने में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

युवा दरोगा के इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?

