Special Article: बाल चेतना के संवाहक थे पंडित जवाहरलाल नेहरू

भारतीय संस्कृति में बालपन को जीवन की सबसे निष्कलुष, संवेदनशील और सृजनशील अवस्था माना गया है। बच्चे किसी भी राष्ट्र की अमूल्य

By INA News Desk
Nov 12, 2026 - 20:28
10 Views
Special Article: बाल चेतना के संवाहक थे पंडित जवाहरलाल नेहरू
Advertisement
Advertisement

लेखक- कुंवर शील वर्धन प्रताप नारायण सिंह 

भारतीय संस्कृति में बालपन को जीवन की सबसे निष्कलुष, संवेदनशील और सृजनशील अवस्था माना गया है। बच्चे किसी भी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनकी आंखों में भविष्य के स्वप्न, मन में असीम जिज्ञासाएं और कल्पनाओं में एक नए संसार के निर्माण की संभावनाएं छिपी होती हैं। किसी राष्ट्र की वास्तविक समृद्धि का आकलन उसकी भौतिक उपलब्धियों से ही नहीं, बल्कि इस बात से भी किया जाता है कि वह अपनी आने वाली पीढ़ियों को कितनी शिक्षा, सुरक्षा, संस्कार और अवसर प्रदान करता है। इसी बाल चेतना, स्नेह और उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना को समर्पित है 14 नवंबर को मनाया जाने वाला बाल दिवस। यह दिवस भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के रूप में भी स्मरण किया जाता है, जिन्हें बच्चे स्नेहपूर्वक चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे।

14 नवंबर 1889 को प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में एक प्रतिष्ठित परिवार में जन्मे जवाहरलाल नेहरू का व्यक्तित्व भारतीय इतिहास के महत्वपूर्ण अध्यायों में विशेष स्थान रखता है। उनके पिता मोतीलाल नेहरू प्रख्यात अधिवक्ता और स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी नेताओं में थे तथा माता स्वरूपरानी नेहरू संस्कारशील महिला थीं। नेहरू की प्रारंभिक शिक्षा घर पर हुई। आगे चलकर उन्होंने इंग्लैंड के हैरो और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त की। पश्चिमी शिक्षा और आधुनिक विचारों से परिचित होने के बावजूद उनके भीतर भारतीय सभ्यता, संस्कृति और स्वतंत्रता के प्रति गहरा अनुराग विद्यमान रहा। महात्मा गांधी के संपर्क में आने के बाद उनका जीवन राष्ट्रीय आंदोलन की दिशा में समर्पित हो गया।

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू का योगदान केवल राजनीतिक नेतृत्व तक सीमित नहीं था। उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन को व्यापक दृष्टि, युवा ऊर्जा और आधुनिक चेतना प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। वर्ष 1929 में लाहौर अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने पूर्ण स्वराज के संकल्प को राष्ट्रीय आंदोलन के केंद्र में प्रतिष्ठित किया। स्वतंत्रता की लड़ाई में उन्हें अनेक बार कारावास जाना पड़ा और उन्होंने अपने जीवन के लगभग नौ वर्ष जेल में बिताए। कारावास के कठिन दिनों में भी उनका अध्ययन, लेखन और चिंतन निरंतर चलता रहा। 'भारत की खोज', 'विश्व इतिहास की झलक' और 'मेरी कहानी' जैसी कृतियां उनके व्यापक बौद्धिक व्यक्तित्व तथा इतिहासबोध की परिचायक हैं।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद जब देश ने औपनिवेशिक शासन की बेड़ियों से मुक्ति पाई, तब उसके सामने गरीबी, अशिक्षा, सामाजिक विषमता और आर्थिक पिछड़ेपन जैसी अनेक चुनौतियां थीं। ऐसे संक्रमणकाल में नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण के लिए शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को विशेष महत्व दिया। उनका मानना था कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार उसकी नई पीढ़ी की बौद्धिक क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण में निहित होता है। इसी सोच के अनुरूप उच्च शिक्षा, तकनीकी संस्थानों, वैज्ञानिक अनुसंधान और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिला। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थाओं के विकास की दिशा में उनके कार्यों ने स्वतंत्र भारत की भावी विकास यात्रा को आधार प्रदान किया।
नेहरू का बच्चों के प्रति अनुराग उनके व्यक्तित्व का अत्यंत आत्मीय पक्ष था। वे बच्चों के बीच सहजता से घुल-मिल जाते थे। उनके साथ बातचीत करना, उनकी जिज्ञासाएं सुनना और उनके सपनों को प्रोत्साहित करना उन्हें विशेष प्रिय था। वे बच्चों को केवल दुलार और उपहार देने योग्य नहीं, बल्कि स्वतंत्र विचारों वाले भावी नागरिक के रूप में देखते थे। उनका विश्वास था कि बच्चों के भीतर जिज्ञासा, कल्पनाशीलता, निर्भीकता और सृजनात्मकता का विकास होना चाहिए। बालमन पर भय, भेदभाव और संकीर्णता का बोझ डालने के बजाय उसमें प्रेम, सहयोग, सहिष्णुता और मानवीय संवेदना के संस्कार विकसित किए जाने चाहिए। यही कारण था कि बच्चे उन्हें अपने परिवार के किसी आत्मीय सदस्य की तरह चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे।

14 नवंबर को बाल दिवस मनाए जाने की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी उल्लेखनीय है। नेहरू अभिलेखागार में उपलब्ध 13 नवंबर 1957 के दस्तावेज के अनुसार, नेहरू चाहते थे कि उनके जन्मदिन और बाल दिवस को व्यक्तिगत जन्मोत्सव के रूप में एक न समझा जाए, बल्कि इस दिन को बच्चों के नाम समर्पित किया जाए। 14 नवंबर 1957 को राष्ट्रीय स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित बाल दिवस समारोह में उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा था कि इस दिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए और उनके जन्मदिन को उससे जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को देश के भविष्य का निर्माता बताते हुए उन्हें साहस, प्रसन्नता और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी थी। भारतीय बाल कल्याण परिषद की तत्कालीन अध्यक्ष राजकुमारी अमृत कौर ने भी 14 नवंबर को बाल दिवस के आयोजन के लिए महत्वपूर्ण पहल की थी। इस प्रकार यह तिथि नेहरू के बाल प्रेम और बच्चों के कल्याण के प्रति राष्ट्रीय प्रतिबद्धता से जुड़कर भारतीय जनमानस में प्रतिष्ठित हुई।

नेहरू का बाल-दर्शन केवल स्नेह तक सीमित नहीं था, उसमें शिक्षा, समानता और मानवीय गरिमा की व्यापक परिकल्पना समाहित थी। वे चाहते थे कि देश का प्रत्येक बच्चा अपनी सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों से ऊपर उठकर शिक्षा प्राप्त करे तथा जीवन में आगे बढ़ने का अवसर पाए। उनका दृष्टिकोण था कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर विवेक, तर्कशीलता, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना भी है। बालक जब प्रश्न पूछता है, नई चीजों को जानने का प्रयास करता है और अपने परिवेश को समझता है, तभी उसके व्यक्तित्व का वास्तविक विकास होता है।
आज जब हम बाल दिवस मनाते हैं, तब यह आत्ममंथन भी आवश्यक हो जाता है कि क्या हम वास्तव में बच्चों के लिए वैसा सुरक्षित, शिक्षित और संवेदनशील समाज निर्मित कर पा रहे हैं, जिसकी कल्पना हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने की थी? आधुनिकता और तकनीकी प्रगति के इस दौर में बच्चों के सामने शिक्षा के साथ-साथ मानसिक दबाव, सामाजिक असमानता, डिजिटल माध्यमों के दुष्प्रभाव, कुपोषण, बाल श्रम और बाल शोषण जैसी चुनौतियां भी उपस्थित हैं। अनेक बच्चे आज भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पोषण और सुरक्षित बचपन से वंचित हैं। ऐसे में बाल दिवस केवल उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विद्यालयों में आयोजित समारोहों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों और शासन-व्यवस्था के लिए आत्मचिंतन तथा उत्तरदायित्व निर्वहन का अवसर बनना चाहिए।

भारतीय परंपरा में भी बालकों को संस्कार और ज्ञान की जीवंत परंपरा का वाहक माना गया है। रामायण और महाभारत के लव-कुश, अभिमन्यु तथा ध्रुव जैसे चरित्र बाल्यावस्था में साहस, जिज्ञासा, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प के प्रेरक उदाहरण हैं। भारतीय संस्कृति सदैव इस विचार की पक्षधर रही है कि बालमन में सद्गुणों का बीजारोपण ही श्रेष्ठ समाज की आधारशिला है। नेहरू की आधुनिक शिक्षा और वैज्ञानिक चेतना की अवधारणा को इस सांस्कृतिक दृष्टि से जोड़कर देखा जाए तो स्पष्ट होता है कि राष्ट्रनिर्माण के लिए ज्ञान और संस्कार दोनों की समान आवश्यकता है।
पंडित जवाहरलाल नेहरू का जीवन हमें यह संदेश देता है कि किसी राष्ट्र का भविष्य उसकी भावी पीढ़ियों के वर्तमान में छिपा होता है। बच्चों की मुस्कान में समाज की संवेदना, उनकी जिज्ञासा में ज्ञान की संभावना और उनके सपनों में राष्ट्र की उन्नति का संकल्प निहित है। इसलिए बाल दिवस पर चाचा नेहरू का स्मरण तभी सार्थक होगा, जब हम प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त बचपन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और सम्मानपूर्ण जीवन प्रदान करने का संकल्प लें। बाल चेतना का सम्मान ही मानवीय सभ्यता की सबसे सुंदर अभिव्यक्ति है और यही किसी सशक्त, समरस तथा प्रगतिशील भारत की वास्तविक आधारशिला भी है।

Also Read- Special Article: शक्ति: सृष्टि, शब्द और चेतना का सनातन आधार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement