Special Article: महारानी चण्डिका प्रसाद कुँवरि राजवैभव से वैधव्य और वैधव्य से विद्या- साधना तक
हिन्दी-साहित्य का इतिहास अपने प्रसिद्ध कवियों, प्रतिष्ठित आचार्यों और युगप्रवर्तक ग्रन्थों की चर्चा तो बड़े मनोयोग से करता आया है, किन्तु
लेखक- डॉ. जितेन्द्रकुमार सिंह ‘संजय’
हिन्दी-साहित्य का इतिहास अपने प्रसिद्ध कवियों, प्रतिष्ठित आचार्यों और युगप्रवर्तक ग्रन्थों की चर्चा तो बड़े मनोयोग से करता आया है, किन्तु उसकी मुख्य धारा के समानान्तर अनेक ऐसी अन्तःसलिलाएँ भी प्रवाहित होती रही हैं, जिनका जल साहित्य और समाज—दोनों को सींचता रहा, फिर भी साहित्येतिहास के मानचित्र पर उनका नाम अपेक्षित स्पष्टता से अंकित नहीं हो सका। उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध और बीसवीं शताब्दी के पूर्वार्द्ध की ऐसी ही एक विस्मृत कवयित्री, शिक्षानुरागिणी और दानशीला राजमहिला थीं—महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि।
उनका जीवन केवल किसी राजपरिवार की वंशावली का एक अध्याय नहीं है। उसमें विन्ध्य के गहरवार राजकुल, विजयगढ़ के चन्देलों, मझौली के बिसेनवंश, भिनगा के राजपरिवार, भारतेन्दु-युगीन हिन्दी-जागरण, क्षत्रिय समाज के शैक्षिक आन्दोलन और स्त्री-काव्य की भक्तिधारा—इन सबके सूत्र परस्पर मिलते हैं। एक अकेली राजकुमारी के जीवन को थोड़ा निकट से देखने पर उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध का पूर्वी उत्तरप्रदेश अपनी अनेक सांस्कृतिक धाराओं के साथ हमारे सामने खुलने लगता है।

महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि का जन्म मार्गशीर्ष कृष्ण दशमी, विक्रमाब्द 1918 को कन्तित-विजयपुर के गहरवारवंशीय राजा राजेन्द्रबहादुर सिंह की धर्मपत्नी महारानी विष्णुराज कुँवरि के गर्भ से हुआ था। मातृपक्ष से भी उनकी धमनियों में एक प्रतिष्ठित राजवंश की परम्परा प्रवाहित थी। महारानी विष्णुराज कुँवरि विजयगढ़ के चन्देलवंशीय राजा पृथ्वीपति शाह की पुत्री थीं। इस प्रकार चण्डिकाप्रसाद कुँवरि के व्यक्तित्व में कन्तित-विजयपुर के गहरवारों और विजयगढ़ के चन्देलों—दो प्राचीन राजपरम्पराओं के संस्कारों का संगम हुआ; किन्तु उनके जीवन की विशेषता राजवंशीय गौरव में नहीं, उस गौरव को विद्या, कविता, दान और लोकहित में रूपान्तरित कर देने में है।
राजकुमारी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि का विवाह मझौली के बिसेनवंशीय युवराज लाल खड्गबहादुर मल्ल से हुआ। यह विवाह दो राजकुलों का पारिवारिक सम्बन्ध भर नहीं था; एक अर्थ में यह दो साहित्यिक संस्कारों का भी मिलन था। युवराज लाल खड्गबहादुर मल्ल स्वयं सुशिक्षित, ब्रजभाषा के कवि और आधुनिक हिन्दी के जनक भारतेन्दु बाबू हरिश्चन्द्र के आत्मीय मित्र थे। इस सम्बन्ध का अत्यन्त मूल्यवान समकालीन साक्ष्य स्वयं भिनगा-नरेश राजर्षि उदयप्रताप सिंह ने सुरक्षित किया है।
सन् 1883 ई. में प्रकाशित अपने ‘भिनगा राजपरिवार का इतिहास’ में राजर्षि उदयप्रताप सिंह लिखते हैं—
‘महाराजकुँवर लाल खड्गबहादुर मल्ल, जिन्हें संस्कृत, फ़ारसी और अंग्रेज़ी में शिक्षा दी गयी थी, शिक्षा से सम्बन्धित विषयों में विशेष रुचि लेते थे। पटना की ‘क्षत्रिय पत्रिका’ के जन्म का श्रेय इस तीस वर्षीय परिश्रमी राजकुमार को ही जाता है। उन्होंने मिर्ज़ापुर ज़िले में कन्तित के वर्तमान राजा की बहन को अपनी पत्नी बनाया है, जिससे एक अबोध पुत्र और एक पुत्री है।’
— भिनगा राजपरिवार का इतिहास, 1883 ई., पृ. 7
इस छोटे-से समकालीन विवरण का बहुत अधिक ऐतिहासिक महत्त्व है। इससे एक साथ कई बातें स्पष्ट होती हैं—लाल खड्गबहादुर मल्ल संस्कृत, फ़ारसी और अंग्रेज़ी के शिक्षित व्यक्ति थे; शिक्षा सम्बन्धी प्रश्नों में उनकी विशेष रुचि थी; पटना से प्रकाशित ‘क्षत्रिय पत्रिका’ के उद्भव में उनकी प्रमुख भूमिका थी; और 1883 तक कन्तित-विजयपुर की राजकुमारी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि से उनका दाम्पत्य स्थापित हो चुका था।
यह वह समय था जब उत्तर भारत में हिन्दी नवजागरण आकार ले रहा था। काशी में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र भाषा, साहित्य, पत्रकारिता और राष्ट्रीय-सांस्कृतिक चेतना को नयी दिशा दे रहे थे। युवराज लाल खड्गबहादुर मल्ल का भारतेन्दु से आत्मीय सम्बन्ध और स्वयं उनका ब्रजभाषा-काव्य में प्रवृत्त होना बताता है कि महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि का दाम्पत्य-परिवेश साहित्य की सुगन्ध से सर्वथा अपरिचित नहीं था।
परन्तु नियति ने इस दाम्पत्य को दीर्घायु नहीं दी। युवराज लाल खड्गबहादुर मल्ल का अल्पायु में ही निधन हो गया। जिस जीवन में राजसी सुख, साहित्यिक सहचर्य और परिवार की स्वाभाविक प्रसन्नता थी, उसी में अकस्मात् वैधव्य का निःशब्द अन्धकार उतर आया।
यहीं से चण्डिकाप्रसाद कुँवरि के व्यक्तित्व का दूसरा और कहीं अधिक उदात्त अध्याय आरम्भ होता है। उन्होंने वैधव्य को निष्क्रिय एकान्त में परिणत नहीं होने दिया। व्यक्तिगत वेदना धीरे धीरे भक्ति में ढली, राजकीय संसाधन लोकहित में और जीवन की रिक्तता शिक्षा तथा समाज-सेवा में। यही वह बिन्दु है, जहाँ उन्हें केवल ‘राजकुल की विधवा महारानी’ कहकर छोड़ देना उनके व्यक्तित्व के साथ अन्याय होगा। वे अपने समय की उस भारतीय स्त्री-परम्परा की प्रतिनिधि बन जाती हैं, जिसमें निजी दुःख तपस्या बनता है और तपस्या अन्ततः लोकमंगल में परिणत होती है।
उनके सामाजिक जीवन को समझने के लिए उनके पारिवारिक सम्बन्धों का एक और सूत्र उल्लेखनीय है। महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि की फुफेरी बहन, अगोरी-बड़हर के चन्देल राजा रघुनाथ शाह की कनिष्ठ पुत्री राजकुमारी मुरारि कुँवरि, भिनगा-नरेश राजर्षि उदयप्रताप सिंह को ब्याही गयी थीं। इस प्रकार कन्तित-विजयपुर, अगोरी-बड़हर, मझौली और भिनगा—चार राजपरिवारों के मध्य केवल वैवाहिक सम्बन्ध ही नहीं, शिक्षा और समाज-सुधार की एक समान चेतना भी दिखायी देती है।
राजर्षि उदयप्रताप सिंह का नाम आधुनिक उत्तर भारत के शिक्षा-इतिहास में विशेष आदर से लिया जाता है। वाराणसी में उनके द्वारा स्थापित शिक्षण-संस्था ने 1909 ई. में हिवेट क्षत्रिय हाईस्कूल के रूप में कार्य आरम्भ किया और आगे चलकर वही संस्था उदय प्रताप कॉलेज के रूप में विकसित हुई। कॉलेज के आधिकारिक इतिहास के अनुसार राजर्षि उदयप्रताप सिंह ने उसके लिए 10.50 लाख रुपये की स्थायी निधि भी स्थापित की थी।
जिस राजपरिवार में शिक्षा को केवल व्यक्तिगत संस्कार न मानकर संस्थागत लोकसेवा बनाया जा रहा था, उसी विस्तृत पारिवारिक-सांस्कृतिक वातावरण में महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि ने भी देवरिया में क्षत्रिय छात्रावास की स्थापना की। इस घटना को उनके जीवन में विशेष महत्त्व के साथ देखा जाना चाहिए। राजमहलों की सीमा से निकलकर विद्यार्थियों के लिए निवास की व्यवस्था करना उस समय शिक्षा के प्रसार की आधारभूत आवश्यकता से जुड़ा हुआ कार्य था। वे साहित्य, कला और शिक्षा के उत्थान के लिए मुक्तहस्त दान देती रहीं। उनके व्यक्तित्व में इस प्रकार कवयित्री और दात्री एक-दूसरे की पूरक बन जाती हैं।
महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि की सबसे आत्मीय पहचान उनकी कविता में सुरक्षित है। उनकी दुर्लभ कृति ‘चण्डिकानुराग’ सन् 1925 ई. में प्रकाशित हुई। इसके प्रकाशक के रूप में विश्वनाथ पाण्डेय, मौजा मधउर, पत्रालय भाटपार, जिला गोरखपुर का उल्लेख मिलता है। केवल 32 पृष्ठों के इस लघु ग्रन्थ में 98 स्तुतियाँ संगृहीत हैं। आकार में छोटी यह पुस्तक अपने साहित्येतिहासिक अर्थ में छोटी नहीं है। इसकी एक प्रति हिन्दी साहित्य सम्मेलन, प्रयाग के संग्रहालय में सुरक्षित होना इस विस्मृत काव्यधारा के संरक्षण की दृष्टि से विशेष महत्त्व रखता है।
ग्रन्थ का नाम भी कवयित्री के अन्तर्जगत् का उद्घाटन करता है—‘चण्डिकानुराग’। ‘चण्डिका’ केवल उनकी आराध्या देवी नहीं; कवयित्री के अपने नाम ‘चण्डिकाप्रसाद’ से भी इस शीर्षक का अत्यन्त आत्मीय ध्वनिसाम्य है। मानो कवयित्री का सम्पूर्ण व्यक्तित्व अपनी आराध्या के चरणों में ‘अनुराग’ बनकर समर्पित हो गया हो।
इन 98 स्तुतियों की सबसे उल्लेखनीय विशेषता यह है कि यहाँ भक्ति शास्त्रीय जटिलता का आश्रय नहीं लेती; वह लोकजीवन की परिचित सांगीतिक लयों में उतरती है। कजरी, लावनी, छप्पय, खेमटा, दादरा, कव्वाली और सिन्धुताल आदि का प्रयोग बताता है कि महारानी की काव्यचेतना केवल राजमहल अथवा पुस्तकालय में विकसित चेतना नहीं थी। उसके कान लोक की धुनों से परिचित थे। लोकगीत की लय और देवी-भक्ति का भाव जब एक साथ आते हैं तो ‘चण्डिकानुराग’ भक्ति-काव्य के साथ तत्कालीन लोक-संगीत की संस्कृति का भी एक महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ बन जाता है।
यहाँ विशेष ध्यान देने योग्य तथ्य यह है कि एक राजकुलोत्पन्न कवयित्री अपनी देवीस्तुति को केवल संस्कृतनिष्ठ स्तोत्र-परम्परा में आबद्ध नहीं करती; वह कजरी और दादरा जैसी लोकाभिमुख विधाओं को भी अपनी आराधना का माध्यम बनाती है। राजमहल की आराधना लोककण्ठ की धुन ग्रहण कर लेती है। यही ‘चण्डिकानुराग’ की सबसे बड़ी काव्यात्मक विशेषताओं में एक है।
उनकी भाषा सहज है, किन्तु भावभूमि में गहरी आत्मसमर्पण-वृत्ति है। पुस्तक के अन्तिम पृष्ठ पर मुद्रित उनकी स्तुति देखिए—
नमो नमो दुर्गे महरानी।
अशरन शरन हरनि दुख दारुनि,
प्रणतिपाल सुख-सम्पति खानी।।
ज्ञान-विराग-भक्ति वरदायिनि,
त्रिपुरसुन्दरी सुभग सयानी।
अबला नाम रटत निशिवासर,
और नहीं कछु दूसर जानी।।
— चण्डिकानुराग, 1925 ई., पृ. 32
इस छोटी-सी स्तुति को महारानी की जीवनी से अलग करके पढ़ना उसके आधे अर्थ को खो देना है। प्रथम पंक्ति में देवी ‘महरानी’ हैं; अगली पंक्ति में वे ‘अशरन’ की ‘शरन’ हैं; फिर वे ज्ञान, वैराग्य और भक्ति प्रदान करनेवाली त्रिपुरसुन्दरी हैं; और अन्त में कवयित्री स्वयं को ‘अबला’ कहकर देवी के चरणों में रख देती
है— ‘अबला नाम रटत निशिवासर, और नहीं कछु दूसर जानी।’ यहीं कविता जीवनी में और जीवनी कविता में प्रवेश करती है।
पति को अल्पायु में खो चुकी, वैधव्य की दीर्घ साधना से गुज़र रही एक राजमहिषी जब कहती है कि मैं रात-दिन तुम्हारा नाम जपती हूँ और तुम्हारे अतिरिक्त किसी दूसरे को नहीं जानती, तब ये पंक्तियाँ केवल परम्परागत देवीस्तुति नहीं रह जातीं। उनमें निजी जीवनानुभव की अनुगूँज सुनायी पड़ने लगती है। ‘ज्ञान-विराग-भक्ति’ की याचना भी तब रूढ़ भक्तिपरक पदावली से आगे बढ़कर उनके जीवन की त्रयी जैसी प्रतीत होती है—ज्ञान उनका संस्कार था, विराग नियति ने दिया और भक्ति को उन्होंने स्वयं चुना।
इसी भक्ति ने उनके वैधव्य को विषाद में डूबने नहीं दिया। उन्होंने अपने दुःख को कविता दी, अपनी सम्पत्ति को शिक्षा दी और अपने राजवैभव को लोकसेवा का प्रयोजन दिया। देवरिया का छात्रावास इसी भाव का स्थापत्यरूप था और ‘चण्डिकानुराग’ उसी भाव का काव्यरूप।
इस दृष्टि से महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि को केवल ‘एक भूली हुई कवयित्री’ के रूप में पुनः खोज लेना पर्याप्त नहीं होगा। हिन्दी साहित्य के इतिहास में उनका स्थान कम-से-कम तीन स्तरों पर पुनर्विचार की माँग करता है—राजपरिवारों की स्त्री-काव्य परम्परा में, देवी-भक्ति की लोकधर्मी गीत-परम्परा में और उन्नीसवीं-बीसवीं शती के संक्रमणकाल में शिक्षा तथा साहित्य का संरक्षण करनेवाली राजमहिषियों के इतिहास में।
उनका जीवन हिन्दी-जागरण के एक ऐसे पार्श्व को सामने लाता है, जिसे प्रायः पुरुष साहित्यकारों और संस्थापकों के इतिहास के पीछे छोड़ दिया गया। उनके पति युवराज लाल खड्गबहादुर मल्ल ‘क्षत्रिय पत्रिका’ जैसे बौद्धिक उपक्रम से जुड़े थे; उनके पारिवारिक सम्बन्ध राजर्षि उदयप्रताप सिंह जैसे शिक्षानुरागी नरेश से थे; और स्वयं महारानी ने शिक्षा के लिए छात्रावास स्थापित किया, साहित्य-कला को दान दिया और 98 देवी-स्तुतियों का संग्रह हिन्दी-जगत् को सौंपा। इस पूरे परिदृश्य में वे किसी पुरुष-परिजन की छाया नहीं, स्वतन्त्र सांस्कृतिक कर्त्री के रूप में दिखायी देती हैं।
आज ‘चण्डिकानुराग’ की वह दुर्लभ प्रति हमारे सामने आती है, तो उसके बत्तीस पुराने पृष्ठ केवल अट्ठानबे स्तुतियाँ नहीं सँजोये हुए हैं। उनमें एक पूरे युग की स्त्री-चेतना स्पन्दित है—राजमहल की मर्यादा है, अकाल वैधव्य की वेदना है, देवी के प्रति अनन्य शरणागति है, लोकधुनों की मिठास है, शिक्षा के प्रति उत्तरदायित्व है और निजी सम्पदा को सार्वजनिक पुण्य में बदल देने की भारतीय दानपरम्परा है।
कन्तित-विजयपुर की राजकुमारी, मझौली की युवराज्ञी, अल्पायु में वैधव्य का वज्राघात सहनेवाली नारी, देवरिया में विद्यार्थियों के लिए आश्रय निर्मित करनेवाली शिक्षानुरागिणी और अन्ततः ‘चण्डिकानुराग’ में अपनी आत्मा का स्वर छोड़ जानेवाली कवयित्री—इन सभी रूपों को एक साथ रखकर ही महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि का सम्पूर्ण चित्र बनता है।
राजमुकुट समय के साथ संग्रहालयों में पहुँच जाते हैं, राजमहल उजड़ जाते हैं, रियासतों की सीमाएँ मानचित्र से मिट जाती हैं; किन्तु किसी विद्यार्थी के लिए बनाया गया छात्रावास और किसी कवयित्री के अन्तःकरण से निकली हुई पंक्ति समय की सीमा को पार कर जाती है।
महारानी चण्डिकाप्रसाद कुँवरि ने दोनों छोड़े—विद्या के लिए आश्रय और आराधना के लिए शब्द। इसीलिए उनकी स्मृति के सामने आज भी उनकी अपनी ही पंक्ति सबसे उपयुक्त प्रणाम बनकर उपस्थित होती है— ‘अबला नाम रटत निशिवासर, और नहीं कछु दूसर जानी।।’
यह केवल देवी के प्रति किसी कवयित्री की शरणागति नहीं; वैधव्य की राख से भक्ति, विद्या और लोकसेवा की ज्योति प्रज्वलित कर देनेवाली एक असाधारण राजमहिषी का आत्मस्वर है।
Also Read- Special Article: शक्ति: सृष्टि, शब्द और चेतना का सनातन आधार
What's Your Reaction?

