Hardoi News: पराली जलाने पर प्रशासन सख्त! हरदोई में बिना जरूरी अटैचमेंट चलती मिली कंबाइन तो होगी सीज, मालिक पर दर्ज होगा मुकदमा
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बताया कि मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन के पत्र दिनांक 05.9.2024 के द्वारा फसल अवशेष जलाने से
Hardoi: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बताया कि मुख्य सचिव उ0प्र0 शासन के पत्र दिनांक 05.9.2024 के द्वारा फसल अवशेष जलाने से हो रहे वायु प्रदूषण की रोकथाम हेतु विस्तृत दिशा निर्देश जारी किये गये है। उन्होंने बताया कि फसल कटाई के दौरान प्रयोग की जाने वाली कम्बाइन हार्वेस्टर के साथ सुपर स्ट्रा मैनेजमेण्ट सिस्टम अथवा स्ट्रारीपर अथवा स्ट्रारेक एवं बेलर का उपयोग किया जाना अनिवार्य होगा तथा यदि कोई भी कम्बाइन हार्वेस्टर, सुपर स्ट्रा मैनेजमेण्ट सिस्टम, स्ट्रारीपर अथवा स्ट्रारेक एवं बेलर के बिना चलती हुयी पायी जाती है तो तत्काल सीज की कार्यवाही की जायेगी व कम्बाइन स्वामी के व्यय पर सुपर स्ट्रा मैनेजमेण्ट सिस्टम लगवाने के उपरान्त ही छोड़ी जायेगी।
उन्होंने जनपद हरदोई के समस्त कम्बाइन हार्वेस्टर स्वामियों को निर्देशित किया है कि वह तत्काल अपने तहसील के उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी कार्यालय/उप जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर इस आशय का लिखित शपथ पत्र प्रस्तुत करते हुए कृषि विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त कर लें कि आपने अपनी कम्बाइन हार्वेस्टर में उपरोक्तानुसार अपेक्षित अटैचमेन्ट लगवा लिया है। यदि निर्धारित अवधि में सक्षम अधिकारी के समक्ष शपथ पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो यह अवधारित किया जायेगा कि कम्बाइन हार्वेस्टर का वर्तमान में उपयोग नहीं कर रहे है। ऐसी स्थिति में यदि आपको खरीफ फसलों की कटाई का कार्य करते हुए पाया जाता है तो आपकी कम्बाइन हार्वेस्टर को सीज करते हुए आपके विरूद्ध प्राथमिकी अंकित कराते हुए दण्डात्मक कार्यवाही हेतु न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया जायेगा। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया है, कि नियमो का उल्लंघन करने वालों के विरूद्व नियमानुसार विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करे।
What's Your Reaction?

