Hardoi News: बेरियाघाट और राजघाट मेले की तैयारियों को लेकर DM राहुल पाण्डेय सख्त, सुरक्षा से लेकर पार्किंग और स्वास्थ्य सुविधाओं तक के निर्देश
स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में प्रान्तीयक्रम राजकीय मेला बेरियाघाट व राजघाट मे
Hardoi: स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में प्रान्तीयक्रम राजकीय मेला बेरियाघाट व राजघाट मे आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। मेले तक आने वाले मार्गों पर सड़क के गड्ढों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य समय से पूर्ण कराए जाएं। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए। मेले में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बेरियाघाट एवं राजघाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पब्लिक एडेªस सिस्टम को भी प्रभावी रूप से संचालित कराया जाये घाट पर श्रद्धालुओं को अधिक गहराई में जाने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके अतिरिक्त गोताखोरों की तैनाती, नाव, मोटर बोट एवं रेस्क्यू टीम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आपदा मित्रों की तैनाती करते हुए घाटवार टीमों का गठन किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

जिलाधिकारी ने मेले में खोया-पाया केंद्र स्थापित करने, चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने तथा आवश्यक स्थानों पर सूचनात्मक फ्लेक्सी लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा मेला क्षेत्र एवं घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ठंड के दृष्टिगत अलाव जलाने एवं पर्याप्त लकड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई कराने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ईओ को निर्देशित किया कि पानी के टैंकर निर्धारित समय पर मेला क्षेत्र में पहुंच जाएं।
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ एवं अधिशाषी अधिकारी को निर्देश दिए कि मेले में सफाई व्यवस्था के लिए सेक्टरवार सफाई कर्मियों एवं सफाई नायकों की तैनाती की जाए तथा नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। इसके साथ ही बेरियाघाट एवं राजघाट पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएं तथा चिकित्सकों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, घाटों पर सतर्क निगरानी एवं भीड़ प्रबंधन के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किया जाये। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी बिलग्राम नहने राम तथा सभी सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
What's Your Reaction?

