Ballia Ganga Ghat Incident: बलिया के माल्देपुर घाट पर नहाते समय वीडियो बनाते हुए डूबे दो दोस्त, रात में भी जारी है सर्च ऑपरेशन
बलिया के फेफना क्षेत्र स्थित माल्देपुर गंगा घाट पर नहाते समय वीडियो बना रहे 18 से 20 वर्ष के दो दोस्त नदी में डूब गए। पीएसी और गोताखोरों द्वारा रात में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Report - Syed Asif Hussain Zaidi
बलिया: जनपद के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत माल्देपुर गंगा घाट पर शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में स्नान करने आए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। दोनों लापता युवकों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और पीएसी की फ्लड प्लाटून द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बलिया ने बताया कि शनिवार दिन में सूचना प्राप्त हुई थी कि 18 से 20 वर्ष की आयु के दो युवक, जो अलग-अलग परिवारों से संबंधित हैं और आपस में गहरे दोस्त हैं, शाम के समय माल्देपुर घाट पर स्नान करने के लिए आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों युवक नदी में नहाते समय मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगा। अपने दोस्त को डूबता देख दूसरे युवक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस कोशिश में उसका भी संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण दोनों युवक नदी की तेज धारा में डूब गए।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने या बरामद करने के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है, साथ ही पीएसी (PAC) की फ्लड प्लाटून भी लगातार नदी में तलाश अभियान चला रही है। अंधेरा होने के बावजूद अभियान को रोका नहीं गया है और घाट पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था कर रात में भी सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि आधुनिक संसाधनों की मदद से जल्द से जल्द दोनों युवकों की तलाश पूरी की जा सके।
What's Your Reaction?

