Naimisharanya Press Club Demand: नैमिषारण्य में आधुनिक प्रेस क्लब की स्थापना की मांग, पत्रकार एसोसिएशन ने सीएम योगी को भेजा ज्ञापन

सीतापुर के नैमिषारण्य में आधुनिक प्रेस क्लब की स्थापना को लेकर भारतीय श्रमजीवी पत्रकार एसोसिएशन के संस्थाध्यक्ष शशिकान्त शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है।

By INA News Desk
Nov 14, 2026 - 16:52
23 Views
Naimisharanya Press Club Demand: नैमिषारण्य में आधुनिक प्रेस क्लब की स्थापना की मांग, पत्रकार एसोसिएशन ने सीएम योगी को भेजा ज्ञापन
Advertisement
Advertisement

संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर: पावन धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी नैमिषारण्य (नीमसार) में पत्रकारों की सुविधा और पत्रकारिता के विकास को लेकर भारतीय श्रमजीवी पत्रकार एसोसिएशन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर एक आधुनिक प्रेस क्लब स्थापित करने की मांग की है। एसोसिएशन के संस्थाध्यक्ष शशिकान्त शुक्ला ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि नैमिषारण्य देश-विदेश में अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता के लिए जाना जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक, साधु-संत और विशिष्ट अतिथि आते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्यटन स्थल पर पत्रकारों के लिए एक व्यवस्थित और स्थायी प्रेस क्लब होना बेहद जरूरी है।

ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के पत्रकार स्थानीय जनसमस्याओं, विकास कार्यों, धार्मिक आयोजनों और पर्यटन गतिविधियों को समाचार माध्यमों के जरिए शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का अहम दायित्व निभाते हैं। इसके बावजूद, स्थानीय पत्रकारों के पास बैठकों, प्रेस वार्ताओं, प्रशिक्षण और समाचार संकलन के लिए कोई स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं है। एसोसिएशन ने यह भी याद दिलाया कि नैमिष तीर्थ विकास परिषद के गठन के मुख्य संकल्पी एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार रविन्द्र तिवारी द्वारा पूर्व में भेजे गए पत्र में भी प्रेस क्लब की स्थापना का मुद्दा उठाया जा चुका है।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए नैमिषारण्य में आधुनिक प्रेस क्लब के लिए उपयुक्त भूमि और भवन आवंटित करने, पत्रकारों के बैठने और समाचार संकलन की सुविधाएं विकसित करने तथा प्रेस वार्ता व संगोष्ठियों के लिए एक सभागार बनवाने का आग्रह किया है। इसके साथ ही, प्रेस क्लब की सदस्यता और सुविधाओं में स्थानीय व ग्रामीण पत्रकारों को उचित प्रतिनिधित्व देने, पारदर्शी संचालन के लिए पत्रकारों की एक समिति गठित करने और इस परियोजना को नैमिषारण्य के समग्र पर्यटन विकास की कार्ययोजना में शामिल करने की मांग की गई है।

संस्थाध्यक्ष शशिकान्त शुक्ला ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने और नैमिषारण्य के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस जनहितकारी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी सीतापुर, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा महानिदेशक पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को भी प्रेषित की गई है।

यह भी पढ़ें : Special Article: उत्तर प्रदेश में बना नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा, हिंदू विरोधी गठबंधन 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement