यूपी के पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प, 1198 करोड़ की 575 परियोजनाओं पर काम शुरू
उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के लिए 1198 करोड़ रुपये की 575 परियोजनाओं पर कार्य शुरू। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दी जानकारी।
उत्तर प्रदेश में धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की शुरुआत की है। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 119841.10 लाख रुपये की लागत से 575 परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं के माध्यम से राज्य के कई जिलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन परियोजनाओं के तहत आगरा, लखनऊ, फर्रूखाबाद, महोबा, सीतापुर, वाराणसी, हापुड़, फिरोजाबाद, बलिया, बदायूं, बस्ती, बिजनौर, कन्नौज, कासगंज, मथुरा, मेरठ और संत कबीर नगर सहित कई जिलों में महत्वपूर्ण कार्य शुरू कराए गए हैं। आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय और लखनऊ में नौसेना शौर्य संग्रहालय का क्यूरेशन कार्य शामिल है। फर्रूखाबाद के संकिसा में ध्यान केंद्र और महोबा के सूर्य मंदिर परिसर में प्लैनेटेरियम का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि सीतापुर के नैमिषारण्य धाम में वेदारण्यम केंद्र की नींव रखी गई है।
धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटकों की सुविधा के लिए वाराणसी के भारत माता मंदिर, दुर्गा मंदिर, काल भैरव मंदिर, संकटमोचन मंदिर और प्रमुख घाटों पर फसाड लाइटिंग का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही हापुड़ के ब्रजघाट में वेडिंग जोन और वेंडिंग सुविधाएं, फिरोजाबाद के सामौर बाबा धाम में पार्किंग व्यवस्था, तथा बलिया के महर्षि भृगु आश्रम का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
बदायूं के कछला में गंगा नदी तटों का विकास, बस्ती के भदेश्वरनाथ शिव धाम, बिजनौर की विदुर कुटी, कन्नौज के मेंहदीघाट, कासगंज के सोरो तीर्थ कुंड, मथुरा के वृंदावन परिक्रमा मार्ग, मेरठ के हस्तिनापुर और संत कबीर नगर के तामेश्वरनाथ मंदिर का भी कायाकल्प किया जा रहा है। पर्यटन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Also Click : यूपी ITI दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन और विकल्प संशोधन की तिथि बढ़ी, पोर्टल चालू
What's Your Reaction?



