नैमिषारण्य में कालीपीठ चौक का होगा कायाकल्प, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
नैमिषारण्य में भागवत महाकुंभ पहुंचे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कालीपीठ चौक को भव्य बनाने और जल्द हेलीपोर्ट सेवा शुरू करने की घोषणा की।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
नैमिषारण्य में कालीपीठ चौक बनेगा भव्य और आकर्षक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिए डीपीआर के निर्देश
पवित्र तीर्थ नगरी नैमिषारण्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में राज्य सरकार ने कदम और तेज कर दिए हैं। धार्मिक नगरी में आयोजित भागवत महाकुंभ कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि नैमिष तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से पूरे क्षेत्र का योजनाबद्ध विकास कराया जा रहा है, जिससे यह तपोभूमि राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर भी अपनी सशक्त और विशिष्ट पहचान स्थापित करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि पूरे देश में उत्तर प्रदेश की छवि में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। राज्य में सुदृढ़ कानून व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण बनने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सहित विभिन्न प्रांतों से पहुंचे भक्तों के लिए इस पावन धरा पर श्रीमद्भागवत कथा और श्रीराम कथा का श्रवण करना सौभाग्य की बात है। संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज की स्मृति में देश का सबसे भव्य संग्रहालय तैयार कराया जा रहा है, जहां तकनीक और चलचित्रों के माध्यम से उनके पूरे जीवन चरित्र को सजीव रूप में दर्शाया जाएगा।

दूर-दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों के सफर को सुगम बनाने के लिए मंत्री ने घोषणा की कि नैमिषारण्य में शीघ्र ही हेलीपोर्ट सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इससे दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। कालीपीठाधीश्वर गोपाल शास्त्री के आग्रह को स्वीकार करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी कथा आयोजन से पूर्व मुख्य पंडाल के ऊपर स्थायी छत का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा।
समारोह के उपरांत पर्यटन मंत्री ने कालीपीठ चौक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने चौक परिसर को अधिक भव्य, व्यवस्थित और दृष्टिगत रूप से आकर्षक बनाने के लिए उपस्थित प्रशासनिक एवं पर्यटन अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसका विधिवत प्रस्ताव तैयार कर शासन को तत्काल उपलब्ध कराएं ताकि बजट स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव, शशांक त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय भार्गव, प्रशासनिक अधिकारी आरके सिंह, विचारक डॉ. रहीस सिंह और अभियंता अतुल प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की।
What's Your Reaction?