देवबंद में पुलिस गश्त का असर: शाम की पैट्रोलिंग से सुधरा माहौल, अतिक्रमण और मनचलों पर कसी नकेल
देवबंद में थाना प्रभारी संदीप बालियान के नेतृत्व में शाम की पुलिस गश्त से बाजारों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है। असामाजिक तत्वों में खौफ और व्यवस्था सुधरी है।
देवबंद। उत्तर प्रदेश के देवबंद नगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए स्थानीय पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। थाना प्रभारी संदीप बालियान के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा नियमित अंतराल पर शाम के समय बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त की जा रही है। पुलिस के इस निरंतर और सक्रिय कदम से शहर के माहौल में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है, जिससे असामाजिक तत्वों और मनचले युवकों में प्रशासन का खौफ साफ दिखाई दे रहा है।

स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस सजगता से शाम के समय बाजारों की व्यवस्था काफी हद तक पटरी पर आई है और आम नागरिकों विशेषकर महिलाओं व व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। थाना प्रभारी स्वयं सड़कों पर उतरकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरत रहे हैं, जिससे आवागमन सुगम हुआ है।
दुकानदारों के सामने वाहन पार्किंग एक चुनौती
प्रशासनिक सख्ती के बावजूद शहर में कुछ समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। स्थानीय बाजारों में दुकानदार अपने ग्राहकों को दुकानों के बाहर बेतरतीब ढंग से मोटरसाइकिलें और वाहन खड़े करने से नहीं रोकते हैं। इस वजह से कई बार पैदल चलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और भीड़भाड़ के साथ अतिक्रमण जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। नागरिकों का मानना है कि यदि इस समस्या पर भी पुलिस और प्रशासन द्वारा कड़े कदम उठाए जाएं, तो शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक बेहतर हो सकती है।
What's Your Reaction?



