Shamli Police Action Operation Savera: शामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन सवेरा के तहत 30 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
शामली में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना कांधला पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 150 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
शामली: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर' अभियान के अंतर्गत थाना कांधला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 150 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।
सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशों के क्रम में पूरे रेंज में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध सघन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में कांधला पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान रात्रि में पुलिस टीम ने कस्बा कांधला के मोहल्ला गुजरान निवासी नदीम पुत्र राशिद को संदिग्ध अवस्था में घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 150 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कांधला में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस सफलता को हासिल करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के आगे व पीछे के संपर्कों का पता लगाया जा सके। शामली पुलिस ने जनपद को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग करें।
What's Your Reaction?

