देवबंद पुलिस का 'ऑपरेशन सवेरा': 201 ग्राम चरस के साथ शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर के देवबंद में 'ऑपरेशन सवेरा' के तहत पुलिस ने 201 ग्राम अवैध चरस के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस।
देवबंद। सहारनपुर परिक्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन सवेरा - नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर" के अंतर्गत थाना देवबंद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के कुशल निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम खानकाह पुलिस चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को हिरासत में लिया। जामातलाशी लेने पर उसके कब्जे से 201 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने अपना नाम विशाल पुत्र अशोक, निवासी वाल्मीकि बस्ती, थाना देवबंद (सहारनपुर) बताया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर अभियुक्त के विरुद्ध थाना देवबंद में मुकदमा अपराध संख्या 744/2026, धारा 8/20 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त के आपराधिक इतिहास और नशा आपूर्ति नेटवर्क के संपर्कों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप बालियान, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, मुख्य आरक्षी अनुज वर्मा और आरक्षी ब्रजेश कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?

