सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा के तहत ऐतिहासिक प्रहार, 6.10 करोड़ की स्मैक के साथ तीन बड़े तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर में पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.10 करोड़ रुपये की स्मैक जब्त की। तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सहारनपुर पुलिस ने निर्णायक प्रहार करते हुए एक ही दिन में नशा तस्करों के बड़े सिंडिकेट को ध्वस्त कर दिया है। 'ऑपरेशन सवेरा' के तहत पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के मार्गदर्शन में चली इस संयुक्त मुहिम में पुलिस को ऐतिहासिक सफलता मिली है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घेराबंदी कर तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 3 किलो 52 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अवैध स्मैक बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त की गई इस मादक पदार्थ की कीमत लगभग 6 करोड़ 10 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
इस वृहद अभियान को सफल बनाने के लिए थाना जनकपुरी और थाना मंडी पुलिस के साथ-साथ एंटी नारकोटिक्स सेल, सर्विलांस, स्वाट और एसओजी की संयुक्त टीमें मैदान में उतरी थीं। तस्करों की धरपकड़ के दौरान एक स्विफ्ट कार, चार मोबाइल फोन और तीन सौ रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि यह कार्रवाई केवल आरोपियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उस पूरे नेटवर्क की जड़ों को काटना है जो युवाओं को नशे के जाल में धकेलकर मुनाफा कमा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के अंधेरे से निकालकर सुरक्षित और स्वस्थ माहौल उपलब्ध कराना है। तस्करों के नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन ठिकानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। जिले में मादक पदार्थों के काले धंधे में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है।
What's Your Reaction?