हरदोई के बिलग्राम में 76वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता: 55 स्कूलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम, देखें परिणाम
हरदोई के बिलग्राम में 76वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 55 स्कूलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम। दौड़, चक्का फेंक और कूद स्पर्धाओं के परिणाम जारी।
हरदोई के बिलग्राम स्थित बी जी आर एम इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित 76वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जनपद भर की उभरती खेल प्रतिभाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिले के लगभग 55 माध्यमिक विद्यालयों से आए छात्र-खिलाड़ियों ने सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की विभिन्न ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में अपने कौशल व शारीरिक क्षमता का शानदार परिचय दिया। मैदान में पूरे समय अपने सहपाठियों का हौसला बढ़ाते छात्र-छात्राओं की तालियां और उत्साहवर्धन गूंजता रहा।

इस जनपद स्तरीय खेल महाकुंभ को सफल बनाने में दिव्य आलोक सेवा फाउंडेशन मल्लावां की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिसमें बिलग्राम-मल्लावां विधायक आशीष सिंह 'आशू' के सहयोग से खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अरविन्द कुमार पाठक के मुख्य निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता के दूसरे चरण में कई महत्वपूर्ण स्पर्धाओं के परिणाम घोषित किए गए।

सीनियर बालक 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में बी जी आर इंटर कॉलेज बिलग्राम के अतुल यादव ने शानदार गति दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि देवी दयाल इंटर कॉलेज सुभानखेड़ा के धर्मवीर दूसरे और सेठ बाबू राम भारती इंटर कॉलेज पाली के आकाश तीसरे स्थान पर रहे। सब-जूनियर बालक डिस्कस थ्रो में भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज संडीला के गौतम ने बाजी मारी, वहीं इसी विद्यालय के सौरभ मौर्या उपविजेता रहे और दयानन्द इंटर कॉलेज सुरसा के शानू ने तीसरा स्थान हासिल किया।

जूनियर बालक वर्ग के गोला फेंक मुकाबले में सेठ बाबू राम भारती इंटर कॉलेज पाली के अनुभव ने प्रथम स्थान हासिल किया, बी एन इंटर कॉलेज मल्लावां के मोहित द्वितीय तथा पी वी आर इंटर कॉलेज गौसगंज के अरुण तृतीय रहे। सब-जूनियर बालिका 200 मीटर दौड़ में छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज हसनापुर की धावक सोनी ने पहला स्थान पाया, जबकि देवी दयाल इंटर कॉलेज सुभानखेड़ा की मानसी दूसरे और बेनी माधव इंटर कॉलेज हरदोई की छाया तीसरे स्थान पर रहीं।

सीनियर बालिका त्रिकूद स्पर्धा में बी एन इंटर कॉलेज मल्लावां का दबदबा रहा, जहां प्रतिभा तिवारी ने प्रथम और अंजलि ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अंबिका बक्स इंटर कॉलेज पंढरवा किला की आकांक्षा तीसरे स्थान पर रहीं।

सीनियर बालक चक्का फेंक प्रतियोगिता में बी एन इंटर कॉलेज भगवंतनगर मल्लावां के अतुल कुमार पहले, हत्याहरण इंटर कॉलेज के संदीप कुमार वर्मा दूसरे और बी एन इंटर कॉलेज के विनय कश्यप तीसरे स्थान पर रहे।

आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिला क्रीड़ा सचिव रामदयाल के साथ अरुण कुमार बाजपेयी, अखिलेश कुमार, हरिश्चंद्र गौतम, महेश प्रसाद, अनुज कुमार यादव, सुनील कुमार रस्तोगी, हंसराज कुशवाहा, एस. एन. त्रिवेदी, शिवकांत कुशवाहा, उमाशंकर, रजनीश पांडेय, अनुराग मिश्रा, हेमा सिंह, निगार बेगम, मैना गुप्ता, संगीता टंडन और मीनू वर्मा सहित निर्णायक मंडल व खेल शिक्षक सक्रिय रूप से जुटे रहे।
What's Your Reaction?