Sambhal News: कार्तिक पूर्णिमा पर सम्भल पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात; पदयात्रा को नहीं मिली अनुमति
कार्तिक पूर्णिमा के पर्व को लेकर सम्भल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 24 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: कार्तिक पूर्णिमा के पर्व को लेकर सम्भल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 24 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेले को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, वहीं संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बुधवार को एसपी सम्भल विकास चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में सम्भल में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न प्वाइंटों का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने बताया कि जनपद में रजपुरा क्षेत्र के सिसौना घाट, बबराला के राजघाट और जुनावई क्षेत्र में गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजन के लिए पहुंचते हैं। इन स्थानों पर विशाल मेले भी आयोजित होते हैं। इसके अलावा आसपास के जनपदों में लगने वाले मेलों को देखते हुए भी यातायात व्यवस्था बनाई गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना की ओर से 19 नवंबर को कैला देवी मंदिर से जामा मस्जिद तक प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर एसपी ने स्पष्ट कहा कि इस कार्यक्रम की कोई अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कार्तिक पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है। सोशल मीडिया पर पदयात्रा में अधिक से अधिक लोगों के शामिल होने की अपीलों को लेकर एसपी ने कहा कि पुलिस की सोशल मीडिया सेल लगातार निगरानी कर रही है। किसी भी तरह की अराजक या आपराधिक गतिविधि सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खुलवाई जा रही है और गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। एसपी के इस बयान से साफ है कि कार्तिक पूर्णिमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
What's Your Reaction?

