सहारनपुर में 2 करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर और महिला साथी से लग्जरी कार जब्त

सहारनपुर में पुलिस ने 2.05 करोड़ रुपये की स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा। हिस्ट्रीशीटर शहजाद और उसकी साथी से कार व फोन बरामद।

By INA News Desk
Oct 7, 2026 - 22:23
6 Views
सहारनपुर में 2 करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर और महिला साथी से लग्जरी कार जब्त

मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सवेरा' के तहत सहारनपुर पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। थाना मंडी पुलिस, एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मिलकर एक सटीक रणनीति के तहत दो शातिर तस्करों को दबोच लिया। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 1 किलो 28 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ पांच लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस बल ने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान घेराबंदी कर एक महिला और पुरुष को पकड़ा। पूछताछ में पुरुष की पहचान शामली के थानाभवन क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शहजाद उर्फ कालू के रूप में हुई, जिसके पास से 515 ग्राम स्मैक मिली। वहीं उसके साथ पकड़ी गई नजराना के पास से 513 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी शहजाद इलाके का शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ शामली तथा मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

शुरुआती पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे इस खेप को बरेली रेलवे स्टेशन के आसपास से इमराना नामक महिला से खरीदकर लाए थे और इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी में थे। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क की पिछली और अगली कड़ियों की पड़ताल कर रही है, ताकि इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow