Hardoi News: सड़क खोदकर छोड़ दी है तो तुरंत करें शिकायत! जल निगम ग्रामीण करेगा मरम्मत, 10 नवंबर तक चलेगा अभियान

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए जल निगम ग्रामीण की ओर से

By INA News Desk
Oct 26, 2026 - 11:53
12 Views
Hardoi News: सड़क खोदकर छोड़ दी है तो तुरंत करें शिकायत! जल निगम ग्रामीण करेगा मरम्मत, 10 नवंबर तक चलेगा अभियान
Advertisement
Advertisement
  • जल निगम ग्रामीण दुरुस्त करा रहा  सड़कें, आप भी दें सूचना,
  • पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की हो रही मरम्मत
  • ’उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण का 01 अक्टूबर से 10 नवंबर तक सड़क पुनर्स्थापना अभियान जारी’
  • जलसारथी ऐप और टोल फ्री नंबर पर दें सूचना, तुरंत होगी कार्रवाई

Hardoi: ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए जल निगम ग्रामीण की ओर से जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेशव्यापी यह अभियान 1 अक्टूबर से 10 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। अगर आपके गांव में भी पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत अभी तक नहीं हुई है, तो इसकी सूचना विभाग को दें। जल निगम ग्रामीण ने स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश देकर सड़क दुरुस्त कराई जाएगी।

जनपद में पाइपलाइन बिछाने के लिए कुल 5114 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी, जिसमें से अब तक 5098 किलोमीटर सड़क दुरुस्त कराई जा चुकी है। शेष सड़कों की मरम्मत के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। जल निगम ग्रामीण की ओर से संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।

  • आपके गांव में भी टूटी है सड़क तो दें सूचना

यदि आपके गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है, तो इसकी सूचना जल निगम ग्रामीण को दें। विभाग की ओर से शिकायत पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा जल समाधान ऐप और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। 

  • जलसारथी ऐप पर विशेष व्यवस्था

रोड रेस्टोरेशन अभियान के तहत जनसामान्य की सुविधा के लिए जलसारथी ऐप पर विशेष व्यवस्था की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क टूटी होने या उसकी मरम्मत नहीं होने की स्थिति में नागरिक मौके की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे संबंधित अधिकारियों तक समस्या पहुंचाने और जल्द कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

  • टूटी सड़कों की मरम्मत कराना प्राथमिकता

अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी हुई सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराना और ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि सड़क से संबंधित शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कार्रवाई कराई जाएगी और सड़क की मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके गांव में कोई सड़क क्षतिग्रस्त है और अब तक उसकी मरम्मत नहीं हुई है, तो विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त कराई जा सके।

Also Read- Ravi Kishan Statement: 'लोगों ने फेंका नींबू, हमने बना दिया शरबत', वायरल मीम्स पर बीजेपी सांसद रवि किशन का Gen-Z को करारा और मजेदार जवाब

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement