कल्कि धाम पहुंचे दिल्ली के 60 श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, बोले, ऐसे कैसे बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन?
दिल्ली से सम्भल पहुंचे 60 श्रद्धालुओं ने कल्कि धाम और सूर्यकुंड की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। गंदगी, अंधेरे और खराब रास्तों के कारण बीच में ही दौरा खत्म किया।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
- सूर्यकुंड में गंदगी, मंदिरों में रोशनी की कमी और खराब रास्तों से श्रद्धालु नाराज, दर्शन के बाद जल्द लौटने का लिया फैसला
भगवान कल्कि के दर्शन और सम्भल के प्राचीन धार्मिक स्थलों को देखने की आस्था लेकर दिल्ली के जनकपुरी से पहुंचे 60 श्रद्धालुओं को यहां की व्यवस्थाओं ने निराश किया। श्रद्धालुओं ने सूर्यकुंड में गंदगी, मंदिरों में रोशनी की कमी, खराब रास्तों और स्थानीय स्तर पर उचित मार्गदर्शन नहीं मिलने की शिकायत की। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों की स्थिति देखकर उन्हें उम्मीद के मुताबिक अनुभव नहीं मिला।

जनकपुरी, दिल्ली से आए अंकित तिवारी ने बताया कि उनका करीब 60 लोगों का समूह कल्कि धाम के दर्शन करने पहुंचा था। इसके बाद उन्होंने सूर्यकुंड, मनोकामना मंदिर और श्रीनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। अंकित का कहना है कि सूर्यकुंड की स्थिति देखकर उनके साथी हैरान रह गए। उन्हें कुंड की जगह गंदे पानी वाला तालाब नजर आया। इसके अलावा कुछ स्थानों पर लाइट की व्यवस्था नहीं थी और रास्ते भी खराब मिले। अंकित तिवारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ाने के लिए व्यवस्थाओं में सुधार जरूरी है।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे आगे आकर इन पवित्र स्थलों के संरक्षण और जीर्णोद्धार में अपना योगदान दें, ताकि धार्मिक विरासत को बचाया जा सके। वहीं, समूह के प्रमुख पंडित अंगद प्रसाद तिवारी ने कहा कि सभी लोग भगवान कल्कि के दर्शन की आस्था लेकर आए थे, लेकिन यहां की व्यवस्थाएं देखकर उनका मनोबल कमजोर हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग भी पर्यटकों को सभी दर्शनीय स्थलों की सही जानकारी नहीं देते और गलियों में घुमाने के बाद एक-दो मंदिर दिखाकर छोड़ देते हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि वे यहां का माहौल देखकर जल्द वापस लौट रहे हैं। अब सवाल यह है कि सम्भल के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्राचीन मंदिरों और तीर्थस्थलों की व्यवस्थाओं में सुधार कब होगा?
What's Your Reaction?

