नैमिषारण्य में नवरात्रि को लेकर प्रशासन मुस्तैद: डीएम ने परखी सुरक्षा और स्वच्छता, सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
नैमिषारण्य में शारदीय नवरात्रि की तैयारियों को लेकर डीएम ने मां ललिता देवी मंदिर और चक्रतीर्थ का लिया जायजा। सुरक्षा, स्वच्छता और सीसीटीवी निगरानी के दिए कड़े निर्देश।
रिपोर्ट : सुरेंद्र मोठी INA News, संवाददाता- नैमिषारण्य
पौराणिक तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में आगामी शारदीय नवरात्रि और प्रमुख पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

इसी सिलसिले में जिलाधिकारी डॉक्टर राजागणपति आर. ने स्वयं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर मां ललिता देवी मंदिर, राजघाट तथा चक्रतीर्थ परिसर का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और बुनियादी नागरिक सुविधाओं का बारीकी से आकलन करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मां ललिता देवी मंदिर परिसर में बने आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। उन्होंने तकनीकी दल और सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया कि निगरानी तंत्र के सभी कैमरे चौबीसों घंटे पूरी क्षमता से सक्रिय रहने चाहिए, जिससे हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा सके।

उन्होंने पुलिस विभाग को स्पष्ट कहा कि मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की कतारें व्यवस्थित रहें और भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
तीर्थ क्षेत्र की पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर के मुख्य द्वार, परिक्रमा मार्ग और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। चक्रतीर्थ परिसर और गौघाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर फिसलन रोकने, जल निकासी दुरुस्त करने तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए वस्त्र बदलने के कक्षों (चेंजिंग रूम) की स्वच्छता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के आदेश दिए हैं।
What's Your Reaction?