यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी इंटर्न का स्टाइपेंड दोगुना, अब मिलेंगे ₹15,000
यूपी कैबिनेट ने आयुष इंटर्न छात्रों का मानदेय दोगुना कर 15 हजार रुपये प्रतिमाह किया। बीएएमएस, बीयूएमएस और बीएचएमएस के 1700 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ।
उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहन देने और युवा चिकित्सकों के कल्याण के क्रम में राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में राजकीय आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथी मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों के इंटर्न विद्यार्थियों का मानदेय दोगुना करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। शासन के इस फैसले से बीएएमएस, बीयूएमएस और बीएचएमएस की रोटेटिंग इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत अब इंटर्न चिकित्सकों का मासिक भत्ता 7,500 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। सरकार के इस कदम से प्रदेश भर के कुल 1,714 इंटर्न विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। इनमें आयुर्वेद संकाय के 588, यूनानी संकाय के 150 और होम्योपैथी संकाय के 976 इंटर्न छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
प्रदेश के राजकीय आयुष चिकित्सा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से डिग्री परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य रोटेटिंग इंटर्नशिप पूरी करना आवश्यक होता है। इस प्रशिक्षण अवधि के दौरान ये युवा चिकित्सक अस्पतालों में वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ मरीजों की देखरेख, ओपीडी संचालन, इनडोर वार्डों के प्रबंधन और आपातकालीन रात्रि ड्यूटी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन में उनके इस निरंतर योगदान को देखते हुए लंबे समय से भत्ते में वृद्धि की मांग की जा रही थी।
अब तक इन सभी संकायों के विद्यार्थियों को प्रतिमाह केवल 7,500 रुपये का अल्प स्टाइपेंड दिया जाता था, जो वर्तमान आवश्यकताओं के लिहाज से काफी कम था। कैबिनेट द्वारा इसे बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने से न केवल युवा चिकित्सकों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश के राजकीय चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी और सुधार देखने को मिलेगा।
What's Your Reaction?