नैमिषारण्य में आवारा मवेशियों का जमावड़ा, मुख्य रास्तों पर मंडराया हादसों का खतरा

नैमिषारण्य तीर्थ क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर बेसहारा मवेशियों के कारण हादसों का खतरा बढ़ा। श्रद्धालुओं और निवासियों ने उठाई कार्रवाई की मांग।

Aug 6, 2026 - 21:26
46 Views
नैमिषारण्य में आवारा मवेशियों का जमावड़ा, मुख्य रास्तों पर मंडराया हादसों का खतरा

 रिर्पोट:- सुरेंद्र मोठी INA News, संवाददाता नैमिषारण्य

सीतापुर जिले में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल नैमिषारण्य में मुख्य सड़कों और प्रमुख चौराहों पर घूम रहे बेसहारा मवेशी श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। ललिता देवी मंदिर चौराहा, चक्रतीर्थ मार्ग, कालीपीठ चौक, कल्ली मार्ग और रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े के कारण यातायात बाधित हो रहा है और हादसों की संभावना बनी हुई है।

हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक इन रास्तों से गुजरते हैं। सड़क पर अचानक पशुओं के आने से दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और बच्चों के चुटैल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पूर्व में भी चक्रतीर्थ मार्ग पर एक बुजुर्ग श्रद्धालु और बच्चे के मवेशी के हमले में चोटिल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा था।

प्रशासन द्वारा गो-आश्रय स्थलों के संचालन के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर आवारा पशुओं की मौजूदगी इन दावों पर सवाल खड़े करती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से समस्या के स्थायी निस्तारण के लिए उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि विशेष अभियान चलाकर बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में भिजवाया जाए और ठाकुरनगर स्थित संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। इसके अलावा, दूध निकालने के बाद पशुओं को खुला छोड़ने वाले पशुपालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। धार्मिक नगरी में सावन मास और त्योहारों के समय श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

Also Click : Lucknow: सीएम योगी आज अम्बेडकरनगर को देंगे ₹706.81 करोड़ की 194 विकास परियोजनाओं की सौगात

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow