Sitapur News: सड़क सुरक्षा अभियान तेज- ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 94 वाहनों के चालान, 600 से अधिक चालकों को किया जागरूक
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई
संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर: सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग सीतापुर द्वारा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने और एक बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा चलाए गए अभियान में ट्रिपलिंग के मामलों में 23 वाहनों तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 71 वाहनों के चालान किए गए। इस प्रकार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 94 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। कई बार जल्दबाजी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक वाहन चालक को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर यात्रा न करें। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। विशेष रूप से सर्दी के मौसम में कोहरे और धुंध के दौरान वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें तथा दृश्यता कम होने पर फॉग लाइट का नियमित रूप से इस्तेमाल करें। वाहन की गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित दूरी बनाकर चलें। वहीं, प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। विभागीय टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान यातायात के विभिन्न संकेतों और सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों से युक्त पंपलेट वितरित किए गए। अभियान के अंतर्गत 600 से अधिक दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को पंपलेट देकर जागरूक किया गया।
What's Your Reaction?

