वाल्मीकि जयंती पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दी श्रद्धांजलि, बोले- रामायण से मिलता है सत्य का संदेश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित कैंप कार्यालय पर महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अपने 7-कालिदास मार्ग स्थित कैंप कार्यालय पर आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को पावन जयंती की बधाई देते हुए समाज में समरसता और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्श चरित्र को लिपिबद्ध कर संपूर्ण विश्व को कालजयी महाकाव्य रामायण की सौगात देने वाले महर्षि वाल्मीकि की रचनाएं मानवता के लिए प्रकाशस्तंभ हैं। उन्होंने अपनी प्रज्ञा से प्रभु राम की जीवनगाथा को जन-जन तक पहुंचाकर समाज को सत्य, मर्यादा और धर्म के पथ पर चलने की ठोस प्रेरणा दी। महाकाव्य रामायण भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्श जीवन दर्शन का ऐसा अमूल्य ग्रंथ है, जिसकी प्रासंगिकता हर युग में अक्षुण्ण रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रभु राम के जीवन दर्शन के माध्यम से सामाजिक जीवन मूल्यों और आदर्शों को जो स्थायित्व महर्षि वाल्मीकि ने प्रदान किया, वह आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए अनुकरणीय है। प्रभु राम का जीवन हमें सदैव धर्म का पालन करते हुए सदाचारपूर्ण आचरण की सीख देता है। ऐसे में आदिकवि द्वारा प्रस्तुत शिक्षाओं और आदर्शों को आत्मसात कर हम सभी को एक समरस, समतामूलक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।
What's Your Reaction?

