महर्षि वाल्मीकि ने श्रीराम को पुरुष से पुरुषोत्तम बनाया: जयंती समारोह में बोले नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा
लखनऊ में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने सफाई मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज को मर्यादा सिखाती हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में नगरीय निकाय निदेशालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और निदेशक अनुज कुमार झा के साथ आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। समारोह के दौरान नगर विकास मंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में अनुकरणीय एवं निष्ठावान सेवा देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन, उनकी तपस्या और कालजयी कृतियां संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का अटूट स्रोत हैं। उन्होंने अपने तप और प्रज्ञा से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों को समाज के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें पुरुष से पुरुषोत्तम के रूप में प्रतिष्ठित किया। महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज को संस्कार, नैतिकता, समरसता और सदाचार का अमर संदेश देती हैं। एक सुदृढ़ और समतामूलक समाज के निर्माण के लिए उनके विचारों को जीवन में उतारना समय की आवश्यकता है।

सफाई मित्रों के श्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान है। वे महज स्वच्छता तंत्र का हिस्सा नहीं, बल्कि नागरिक स्वास्थ्य और स्वच्छ परिवेश के सच्चे संवाहक और आधार स्तंभ हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए स्वच्छ भारत अभियान को जनांदोलन का रूप देने में इन स्वच्छता प्रहरियों की जमीनी मेहनत का सबसे बड़ा योगदान है। विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ और व्यवस्थित शहर अनिवार्य कड़ी हैं।

राजधानी लखनऊ की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरा स्थान हासिल करने के साथ ही शहर ने वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी विशेष पहचान बनाई है। यह सफलता नगर निगम प्रशासन, सफाई मित्रों और जागरूक शहरवासियों के समन्वित प्रयासों से संभव हो सकी है। उन्होंने रेखांकित किया कि लखनऊ में प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले लगभग 2,100 टन कचरे का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रबंधन योजना पर तेजी से कार्य चल रहा है।

कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को आचरण में ढालने पर बल दिया। वहीं प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद तथा निदेशक अनुज कुमार झा ने भी आदिकवि के साहित्यिक और आध्यात्मिक योगदान को रेखांकित करते हुए स्वच्छता और सेवा के भाव को मजबूती से आगे बढ़ाने की अपील की।
What's Your Reaction?

