लखनऊ में रिकॉर्ड बारिश के बीच राहत: मंत्री एके शर्मा ने परखी जल निकासी व्यवस्था

लखनऊ में पिछले बीस वर्षों के रिकॉर्ड बारिश के बीच नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर जल निकासी प्रबंधों की समीक्षा की।

By INA News Desk
Sep 27, 2026 - 20:59
3 Views
लखनऊ में रिकॉर्ड बारिश के बीच राहत: मंत्री एके शर्मा ने परखी जल निकासी व्यवस्था

लखनऊ में मूसलाधार बारिश के बाद फील्ड में उतरे नगर विकास मंत्री: जल निकासी व्यवस्था का स्थलीय मुआयना कर दिए कड़े निर्देश

लखनऊ। राजधानी में लगातार हो रही तेज वर्षा के दृष्टिगत नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जनेश्वर मिश्र पार्क, अंबेडकर मेमोरियल पार्क के पास स्थित अंडर ब्रिज, इंदिरा नगर के सी ब्लॉक, रहीम नगर और महानगर सहित कई क्षेत्रों का भ्रमण किया और जलनिकासी प्रबंधों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए पूरा तंत्र अलर्ट मोड में रहे और कहीं भी पानी एकत्र होने की स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएं।

अंडरपासों और पुलों के नीचे पानी भरने की पुरानी समस्या की समीक्षा करते हुए एके शर्मा ने अंबेडकर मेमोरियल पार्क और जनेश्वर मिश्र पार्क के निकट स्थित अंडर ब्रिज का मुआयना किया। वहां पानी न ठहरने पर संतोष जताते हुए उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार को निर्देश दिए कि शहर के सभी अंडरपास और अंडर ब्रिज को चिन्हित कर उनकी जल निकासी क्षमता का परीक्षण किया जाए, ताकि भविष्य में कभी भी जलभराव की स्थिति न बने और इसके लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए।

इसके बाद वे इंदिरा नगर के सी ब्लॉक पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित नाले और जलनिकासी व्यवस्था की पड़ताल की। वहां मौजूद स्थानीय नागरिकों ने चर्चा के दौरान बताया कि नए नाले के निर्माण से इस वर्ष मूसलाधार बारिश के बावजूद जलभराव से मुक्ति मिली है, जिसके लिए नागरिकों ने आभार प्रकट किया।

रहीम नगर और महानगर क्षेत्र के नालों का अवलोकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निचले और जलभराव वाले मोहल्लों में निरंतर निगरानी रखी जाए। जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल अतिरिक्त पंप लगाकर पानी निकालने और नालों की सफाई के उपाय किए जाएं।

निरीक्षण के बाद मंत्री एके शर्मा ने कहा कि पिछले दो दशकों के रिकॉर्ड के मुकाबले इस वर्ष हुई भारी बारिश के बावजूद पहले से किए गए बुनियादी सुधारों के कारण राजधानी में विकट जलभराव के हालात नहीं बने।

उन्होंने बताया कि पहले फैजुल्लागंज, विधानसभा मार्ग और सिविल अस्पताल के आसपास भीषण जलभराव होता था, लेकिन पूर्व में किए गए सुदृढ़ीकरण कार्यों का सकारात्मक परिणाम दिखाई दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल तात्कालिक पंपिंग तक सीमित न रहकर नालों की चौड़ाई, बहाव क्षेत्र और जल निकासी मार्गों का समग्र तकनीकी अध्ययन कर स्थायी समाधान निकाला जाए।

निरीक्षण के समय नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता तथा नगर निगम और जलकल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Also Click : सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर: डीएम पहुंचे केशव ग्रीन सिटी, राहत कार्य तेज

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow