लखनऊ में एलडीए का बड़ा एक्शन, 65 बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 6 व्यावसायिक इमारतें सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सुशांत गोल्फ सिटी में 65 बीघा अवैध प्लाटिंग ढहाई। गोमती नगर विस्तार, इंदिरा नगर और चिनहट में 6 अनधिकृत निर्माण सील किए।
राजधानी लखनऊ में अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने व्यापक अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की है। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के आदेश पर प्रवर्तन दलों ने सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में बिना मंजूरी के काटी जा रही पांच अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही गोमती नगर विस्तार, इंदिरा नगर और चिनहट के विभिन्न इलाकों में बिना नक्शा पास कराए खड़े किए जा रहे छह बड़े व्यावसायिक और रिहायशी ढांचों को सील कर दिया गया है।
प्रवर्तन जोन-1 के अधिकारी रवि नंदन सिंह के अनुसार सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के मलूकपुर, बक्कास, सरसवां और अहिमामऊ गांवों में बड़े पैमाने पर बिना स्वीकृति के प्लाटिंग की जा रही थी। राम अवतार, ए.के. सिंह, सुनील यादव, अक्षय सिंह, राकेश, लक्ष्मण मिश्रा व अन्य लोगों द्वारा करीब 65 बीघा क्षेत्रफल में बनाई जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण जमींदोज कर दिए गए। इसी क्षेत्र के गोमती नगर विस्तार में अर्चना कौशल और सुनील कुमार जायसवाल द्वारा नियमों की अनदेखी कर बनाए जा रहे दो बहुमंजिला भवनों को भी प्रवर्तन टीम ने मौके पर सील कर दिया।
दूसरी तरफ प्रवर्तन जोन-5 के अधिकारी प्रभाकर सिंह की टीम ने भी नक्शा पास न कराने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा। सर्वोदय नगर में विकास भवन के समीप मुन्ना व अन्य द्वारा लगभग 300 वर्गमीटर पर बन रहे व्यावसायिक परिसर पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा इंदिरा नगर के पानी गांव में मोहम्मद जमाल द्वारा 150 वर्गमीटर में और खुर्रमनगर के अबरार नगर में अरविंद मिश्रा व हरिनाम द्वारा करीब 400 वर्गमीटर में बिना अनुमति बन रहे व्यावसायिक भवनों को बंद कराकर सील कर दिया गया। इसी कड़ी में चिनहट क्षेत्र के अयोध्या रोड स्थित दयाल रेजीडेंसी में गौरव पाण्डेय द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कराए जा रहे अवैध निर्माण को भी प्रवर्तन दल ने सील करने की कार्रवाई पूरी की। प्राधिकारण ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण और अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?



