लखनऊ में एलडीए का बड़ा एक्शन: 30 बीघा में फैली 3 अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, 5 व्यावसायिक निर्माण सील

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मोहनलालगंज और पीजीआई में 30 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की। कृष्णानगर व पारा में 5 अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स सील किए।

Aug 22, 2026 - 22:09
5 Views
लखनऊ में एलडीए का बड़ा एक्शन: 30 बीघा में फैली 3 अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, 5 व्यावसायिक निर्माण सील

राजधानी में अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विकास पर रोक लगाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-2 और जोन-3 की संयुक्त टीमों ने मोहनलालगंज, पीजीआई, कृष्णानगर और पारा क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इस दौरान बिना ले-आउट पास कराए लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में बसाई जा रही तीन अवैध आवासीय कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जबकि बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे पांच बड़े व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने मोहनलालगंज के ग्राम खुजौली में नगराम रोड पर लगभग 20 बीघा भूमि पर धर्मेश यादव और अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किए। इसी क्रम में टिकरा, कल्ली पूरब में अभय सिंह और उनके सहयोगियों द्वारा लगभग 5 बीघा में की जा रही प्लाटिंग को भी जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा पीजीआई थानाक्षेत्र के जगतखेड़ा में वृंदावन योजना के पीछे विकास पाठक व मनोज कुमार द्वारा करीब 5 बीघा जमीन पर बिना मानचित्र पास कराए कराई जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी मान सिंह के नेतृत्व में अवैध व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया गया। कृष्णानगर की इंद्रलोक कॉलोनी में सुशील भाग्य द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर भूखंड पर बनाए जा रहे अवैध कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया गया। इसके साथ ही पारा थानाक्षेत्र के चुन्नू खेड़ा, पूर्वीदीन खेड़ा और आगरा एक्सप्रेस-वे सर्विस रोड के किनारे विजय कुमार यादव, शिवानंद यादव, विकास, राजकुमारी व अन्य लोगों द्वारा बिना विधिक अनुमति के बनाए जा रहे चार अन्य व्यावसायिक निर्माणों को भी सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Also Click : Hardoi: सरकारी रास्ते पर हैंडपंप लगाकर आवागमन बाधित करने का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow