लखनऊ में अवैध कॉलोनियों पर एलडीए का बड़ा एक्शन, 70 बीघा में विकसित 5 प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मोहनलालगंज में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। लखनऊ ग्रीन सिटी समेत 70 बीघा जमीन पर बिना नक्शा पास बनी 5 प्लाटिंग ध्वस्त की गईं।

By INA News Desk
Sep 10, 2026 - 22:41
4 Views
लखनऊ में अवैध कॉलोनियों पर एलडीए का बड़ा एक्शन, 70 बीघा में विकसित 5 प्लाटिंग ध्वस्त

लखनऊ। राजधानी में अनियोजित विकास और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाया है। मोहनलालगंज क्षेत्र में बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए प्राधिकरण के दस्ते ने लखनऊ ग्रीन सिटी समेत पांच अवैध आवासीय प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर ढांचों को जमींदोज कर दिया। निजी विकासकर्ताओं द्वारा बिना ले-आउट स्वीकृति के लगभग सत्तर बीघा जमीन पर यह निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने यह पूरी कार्रवाई पूरी की।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के अनुसार, मोहनलालगंज के ग्राम मऊ और अतरौली में नियमों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही थीं। मौके पर प्रवीण त्रिपाठी, अमित सिंह की लखनऊ ग्रीन सिटी परियोजना, अरुण कुमार, कैप्टन अशोक सिंह, हरेन्द्र सिंह, एसके त्रिपाठी और अन्य सहयोगियों की ओर से बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के जमीन की प्लाटिंग की जा रही थी। विकासकर्ताओं ने स्थल पर सड़कें, बाउंड्रीवाल और अन्य अस्थायी निर्माण भी खड़े कर लिए थे।

जांच में सामने आया कि विकासकर्ताओं ने विकास प्राधिकरण से नियमानुसार ले-आउट स्वीकृत नहीं कराया था। बिना अनुमति कृषि भूमि पर आवासीय स्वरूप देने के मामले में प्राधिकरण के विहित न्यायालय में वाद दायर किया गया था। न्यायालय से ध्वस्तीकरण का स्पष्ट आदेश जारी होने के बाद जोनल टीम ने पुलिस बल की मदद से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने नागरिकों को भी सचेत किया है कि वे किसी भी अनधिकृत और बिना ले-आउट पास आवासीय परियोजना में निवेश करने से बचें।

Also Click : Uttar Pradesh Tex 2026: यूपी टेक्स-2026 का भव्य समापन, योगी सरकार ने वस्त्र उद्योग को नई रफ्तार देने का लिया संकल्प

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow