Hardoi: सरकारी रास्ते पर हैंडपंप लगाकर आवागमन बाधित करने का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार
हरदोई जिले की संडीला तहसील क्षेत्र अंतर्गत कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चांदा बैजा में सरकारी रास्ते पर हैंडपंप लगाकर आवागमन
हरदोई जिले की संडीला तहसील क्षेत्र अंतर्गत कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चांदा बैजा में सरकारी रास्ते पर हैंडपंप लगाकर आवागमन बाधित करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव के कई निवासियों ने उप जिलाधिकारी को संयुक्त प्रार्थना पत्र देकर रास्ता खुलवाने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित शुभम कुमार, राजेंद्र, रामस्वरूप और महावीर ने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनके घरों के आने-जाने वाले मुख्य सरकारी खड़ंजे पर गांव के ही बनवारी लाल ने अवैध रूप से हैंडपंप स्थापित कर दिया है, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। इस रास्ते के अवरुद्ध होने से ग्रामीणों को अपने घरों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ितों का कहना है कि जब इस मामले की शिकायत पहले थाने में की गई थी, तब आरोपी पक्ष ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए रास्ते से हैंडपंप हटाने के लिए लिखित सहमति दी थी। इसके बावजूद अब तक हैंडपंप नहीं हटाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने रास्ता साफ करने को कहा तो उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई तथा रास्ता न खोलने की धमकी दी गई।
लगातार हो रही परेशानी को देखते हुए पीड़ित ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने उप जिलाधिकारी से सरकारी खड़ंजे को अतिक्रमण मुक्त कराने और आवागमन सुचारू करवाकर उचित न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
What's Your Reaction?







