Hardoi: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं से संवाद, CDO ने करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स

मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा

Aug 22, 2026 - 15:49
6 Views
Hardoi: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं से संवाद, CDO ने करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स

Hardoi: मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जीवन लक्ष्य निर्धारण, कैरियर नियोजन तथा उच्च शिक्षा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। संवाद के दौरान छात्राओं के साथ प्रभावी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, आत्म-अनुशासन, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं व्यावसायिक शिक्षा के साथ-साथ भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहितकारी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। 

कार्यक्रम के दौरान कक्षा-12 की छात्राओं साक्षी दीक्षित, अदिति आर्या एवं निशी द्वारा महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने तैयारी के दौरान होने वाले Distraction से बचने, सीमित संसाधनों एवं विषय विशेषज्ञ मार्गदर्शन की व्यावहारिक सीमाओं के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए स्वयं को तैयार करने तथा ग्रामीण क्षेत्र में रहते हुए यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में अपनी जिज्ञासाएं एवं समस्याएं रखीं।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, अनुशासन, उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग तथा आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को बताया गया कि सीमित संसाधन सफलता में बाधा नहीं हैं, बल्कि सही रणनीति, निरंतर मेहनत एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के माध्यम से बड़े लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, हरदोई स्वाति श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ प्रवक्ता सुमन द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा छात्राओं के लिए आयोजित इस संवाद कार्यक्रम को उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया गया।

Also Read- Japan UP Partnership: निवेश से आगे ग्लोबल फ्यूचर की ओर बढ़ रही यूपी-जापान साझेदारी: सीएम योगी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow