Hardoi News: हरदोई में छात्राओं को मिला कैरियर मार्गदर्शन, CDO ने UPSC-NEET समेत विभिन्न विकल्पों पर किया संवाद
वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इण्टर कॉलेज, हरदोई में छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन
हरदोई। वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इण्टर कॉलेज, हरदोई में छात्राओं के लिए कैरियर मार्गदर्शन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, आईएएस ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर के अवसरों के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं को स्नातक स्तर पर प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश, रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विषय चयन तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कैरियर की योजना बनाने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्राएं कक्षा-10 एवं 12 से ही अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उसी के अनुरूप योजनाबद्ध एवं निरंतर तैयारी प्रारम्भ करें। स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, सही मार्गदर्शन एवं आत्मविश्वास सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण आधार हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के स्वरूप, परीक्षा के विभिन्न चरणों तथा तैयारी की रणनीति के संबंध में भी छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में वैकल्पिक विषय के चयन में अपनी रुचि, विषय पर पकड़ एवं अध्ययन सामग्री की उपलब्धता को ध्यान में रखने की सलाह दी। कार्यक्रम में अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग प्रदीप पाल ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के उपरान्त केन्द्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में उपलब्ध रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के अवसरों से भी छात्राओं को अवगत कराया।

जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. अरविन्द पाठक ने प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षक बनने के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता एवं प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके साथ ही एलएलबी के उपरान्त विधि एवं न्यायिक सेवाओं सहित विभिन्न कैरियर विकल्पों के संबंध में भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। संवाद सत्र के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने कैरियर से संबंधित जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कक्षा-12 की छात्रा सना खान ने पॉलीटेक्निक के बाद डिग्री एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के संबंध में प्रश्न किया। मुख्य विकास अधिकारी ने तकनीकी शिक्षा के साथ अच्छे संस्थानों में इंटर्नशिप एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकारी एवं निजी क्षेत्र में कार्य अनुभव का विशेष महत्व है। उन्होंने इंटर्नशिप एवं अच्छे संस्थानों की जानकारी प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन माध्यमों का समुचित उपयोग करने की सलाह दी।
छात्रा शालू दीक्षित ने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, कक्षा-11 की छात्रा जाली शर्मा ने नीट एवं चिकित्सा क्षेत्र के अन्य पाठ्यक्रमों, मधु पाल ने एलएलबी एवं उसके बाद उपलब्ध कैरियर विकल्पों तथा कक्षा-12 की छात्रा आकृति मिश्रा ने जीव विज्ञान की पढ़ाई के बाद नीट के अतिरिक्त स्नातक स्तर पर उपलब्ध अन्य पाठ्यक्रमों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उपस्थित अधिकारियों ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का क्रमवार समाधान करते हुए उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर चुनने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर विकल्पों की व्यापक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालयों में नियमित कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित कराने पर जोर दिया। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को चार्टर्ड अकाउंटेंट, कम्पनी सेक्रेटरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित कर छात्राओं के लिए विषयवार कैरियर काउंसलिंग एवं संवाद सत्र आयोजित कराने के निर्देश दिए, जिससे छात्राओं को समय रहते सही कैरियर विकल्प चुनने में सहायता मिल सके। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता शुक्ला, प्रबन्धक मनोज अग्रवाल सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?