हरदोई: नियमितीकरण और समान वेतन की मांग को लेकर एनएचएम संविदा कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

हरदोई में एनएचएम संविदा कर्मियों ने नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन समेत कई मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और आंदोलन का अल्टीमेटम दिया।

By INA News Desk
Sep 22, 2026 - 12:02
2 Views
हरदोई: नियमितीकरण और समान वेतन की मांग को लेकर एनएचएम संविदा कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

हरदोई में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मियों ने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं और सेवा संबंधी मांगों के निस्तारण के लिए आवाज बुलंद की है। कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. जावेद खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबोधित विस्तृत ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में शासन से मांग की गई है कि स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले संविदा कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस नीति बनाई जाए।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पिछले चौबीस वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे कार्मिकों का स्वास्थ्य विभाग में नियमितीकरण और प्रक्रिया पूरी होने तक 'समान कार्य-समान वेतन' के आधार पर तत्काल सम्मानजनक मानदेय वृद्धि शामिल है। इसके अतिरिक्त कार्मिकों और उनके परिजनों के लिए दस लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ का प्रभावी अंशदान, मकान किराया भत्ता और ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग भी रखी गई। संघ ने रिक्त पदों के सापेक्ष अन्य जनपदों में स्थानांतरण नीति लागू करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने, आउटसोर्स डाटा ऑपरेटरों व कोविड कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने तथा नियमित भर्तियों में संविदा कर्मियों के लिए पच्चीस प्रतिशत कोटा आरक्षित करने का अनुरोध किया है।

कर्मचारी नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। तय रणनीति के तहत पहले जिला मुख्यालय पर तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार किया जाएगा और फिर भी सुनवाई न होने पर राज्य मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सुनील त्रिपाठी, सौरभ तिवारी, मिलेंद्र, दीप्ति, अंशिका, रूबी, सुमित, अनूप, आशीष, गौरव, अमरीश, अनुग्रह, नीरज, रफी, अवधेश, अमृता, सपना, आनंद, शिखा, अंकित और ऋषि सैनी सहित भारी संख्या में संविदा कर्मी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow