सीएम योगी 1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र देकर ग्रामीण विकास को गति देंगे।
सीएम योगी नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र: ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था को मिलेगी नई गति
लखनऊ। प्रदेश में ग्रामीण सुशासन, पारदर्शी व्यवस्था और जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के क्रम में पंचायती राज विभाग एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की विभागीय रूपरेखा के अनुसार मुख्यमंत्री मंच से 11 चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपकर अभियान की शुरुआत करेंगे। समारोह में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर का संबोधन होगा, जिसमें वे नवचयनित कर्मियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा के संकल्प से जुड़ने का आह्वान करेंगे। इस दौरान चयनित युवा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और अपने चयन से जुड़े अनुभव भी मंच पर साझा करेंगे। ग्रामीण अंचलों में हो रहे संरचनात्मक बदलावों और योजनाओं की प्रगति को दर्शाने वाली एक विशेष लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी।
पंचायत प्रशासन में ग्राम पंचायत अधिकारी बुनियादी और अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी माने जाते हैं। इनकी तैनाती से गांवों में जन्म-मृत्यु पंजीकरण, परिवार रजिस्टर, स्वच्छता अभियान, ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक पारदर्शी और सुगम हो सकेगा। इससे ग्रामीणों को प्रमाण पत्र और प्रशासनिक कार्यों के लिए ब्लॉक मुख्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
समारोह के दौरान नवचयनित कर्मियों के कार्य कौशल और क्षमता विकास के लिए एक दिवसीय विशेष उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा भी साझा की जाएगी। पंचायती राज विभाग का मुख्य लक्ष्य ग्राम पंचायतों को वित्तीय और प्रशासनिक रूप से आत्मनिर्भर, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाना है, जिससे प्रदेश के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंच सके।
Also Click : खैराबाद में 24 घंटे से बिजली गुल: 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन, गहराया पेयजल संकट
What's Your Reaction?