Sambhal Padyatra Controversy: 19 नवंबर की पदयात्रा पर फिरोज खां का बड़ा हमला, बोले- एक यात्रा होगी तो दूसरी भी होगी, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
सम्भल में प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने इसे शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
- विवादित स्थल तक प्रस्तावित पदयात्रा को बताया शांति व्यवस्था के लिए खतरा, बोले- सम्भल में अब बदअमनी फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं होगी; मुल्क की तरक्की और भाईचारे के लिए सर्वधर्म प्रार्थना कराने की तैयारी
विवादित स्थल तक 19 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर सम्भल की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने पदयात्रा के ऐलान पर सवाल उठाते हुए इसे शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बताया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
फिरोज खां ने तंज कसते हुए कहा कि आखिर पदयात्रा का मकसद क्या है? क्या वहां मूंगफली बांटी जाएगी या सर्दियों में तिल के लड्डू बांटे जाएंगे? उन्होंने कहा कि हरिहर मंदिर होने का दावा किसने साबित किया है? पूरे देश को पता है कि सम्भल में किस तरह बदअमनी फैलाने की कोशिशें हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व शहर का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। फिरोज खां ने कहा कि उन्हें प्रशासन पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि प्रशासन ऐसी पदयात्रा की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से तमाम राजनीतिक और सामाजिक लोगों ने मिलकर सम्भल में अमन-शांति बनाए रखने की कोशिश की है।
ऐसे में किसी भी ऐसे आयोजन की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने जामा मस्जिद के पास बनी पुलिस चौकी का नाम बदलकर जामा मस्जिद पुलिस चौकी रखने की मांग भी दोहराई। साथ ही शब-ए-बरात के मौके पर वहां मुस्लिम रीति-रिवाज से दुआ और गैर-मुस्लिम रीति-रिवाज से पूजा-पाठ जैसे आयोजन कराकर आपसी सौहार्द का संदेश देने की बात कही। सोशल मीडिया पर पदयात्रा में शामिल होने की अपील करने वालों के खिलाफ भी फिरोज खां ने कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोग अब सम्भल में शांति चाहते हैं। व्यापारी, वकील, छात्र और किसान कोई भी शहर में दोबारा तनाव नहीं चाहता। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि सम्भल की शांति से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
What's Your Reaction?

