UP Lakhpati Didi Dairy Model: यूपी में दुग्ध क्रांति से बदली महिलाओं की तकदीर, 76 हजार से अधिक बनीं 'लखपति दीदी'; रोज हो रहा 13 लाख लीटर दूध संग्रह
उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले डेयरी मॉडल से चार लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। प्रतिदिन 13 लाख लीटर दूध संग्रह के साथ 76 हजार से ज्यादा महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में महिलाओं ने आर्थिक आत्मनिर्भरता की एक नई इबारत लिखनी शुरू कर दी है। राज्य में संचालित ग्रामीण आजीविका मिशन और महिला नेतृत्व वाले आधुनिक डेयरी मॉडल से जुड़कर चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनकर उभरी हैं। अब गांव की महिलाएं केवल पशुओं के पालन-पोषण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूध के संग्रहण से लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच, विपणन और वित्तीय लेन-देन की पूरी व्यवस्था स्वयं संभाल रही हैं। प्रदेश के 31 जनपदों में सक्रिय इस महिला नेटवर्क के माध्यम से प्रतिदिन 13 लाख लीटर से ज्यादा दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस सशक्त व्यवस्था के परिणामस्वरूप अब तक 76 हजार से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' की श्रेणी में शामिल हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में ग्रामीण व्यापार को बिचौलियों के चंगुल से मुक्त कराने और उत्पादकों को सीधे बाजार से जोड़ने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है। पारंपरिक रूप से ग्रामीण परिवारों में पशुओं की देखभाल का पूरा जिम्मा महिलाओं के कंधों पर रहता था, लेकिन दूध की बिक्री और उससे होने वाली आय पर उनका सीधा नियंत्रण नहीं होता था। नए सहकारी और कंपनी आधारित डेयरी मॉडल ने इस पुरानी परिपाटी को पूरी तरह बदल दिया है। अब महिलाओं को अपने ही गांव में एक सुरक्षित और नियमित बाजार उपलब्ध हो रहा है, जिससे उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है।
इस पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने में डिजिटल तकनीक की सबसे अहम भूमिका रही है। दूध संग्रह केंद्रों पर आधुनिक मशीनों और मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए दूध की मात्रा और उसमें मौजूद फैट की सटीक जांच की जाती है। जांच के तुरंत बाद सारा विवरण ऑनलाइन दर्ज हो जाता है, जिससे महिला पशुपालकों को अपने दूध की वास्तविक कीमत और देय राशि की स्पष्ट जानकारी मिल जाती है। बिचौलियों की समाप्ति के कारण अब भुगतान की राशि बिना किसी कटौती के सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे पुराने दौर में होने वाली कीमत संबंधी अनिश्चितता पूरी तरह खत्म हो गई है।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, इस डिजिटल डेयरी नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में क्रांतिकारी सुधार किया है। डेयरी व्यवसाय अब केवल अतिरिक्त आय का जरिया न रहकर एक स्थायी और सम्मानजनक आजीविका बन चुका है। सीधा आर्थिक नियंत्रण हाथ में आने से महिलाएं अपने परिवार के दैनिक खर्चों, बच्चों की बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य आवश्यकताओं की पूर्ति में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं। मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड की सुविधा ने गांव की महिलाओं को बिना किसी बाहरी निर्भरता के अपना कारोबार संचालित करने का आत्मविश्वास दिया है, जिससे प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है।
What's Your Reaction?

